बोलो जुबान केसरी’ कार में गुटखा तस्करी, चालक गिरफ्तार
ब्राह्मणवाड़ा थड़ी पुलिस की कार्रवाई

अमरावती /दि.13- ब्राह्मणवाड़ा थड़ी पुलिस ने अवैध रूप से खुशबूदार तंबाकू और गुटखा की तस्करी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक कार सहित 3 लाख 52 हजार 240 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है.
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध गुटखा ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर ब्राह्मणवाड़ा थड़ी-वानी रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई. इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में खुशबूदार तंबाकू और गुटखा बरामद हुआ. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के मार्गदर्शन में उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे, थाना प्रभारी प्रशांत जाधव, एएसआई नागोराव पवार, राजेंद्र पवार तथा हवलदार शेषराव कोकरे की टीम ने की. पुलिस कांस्टेबल सुशील गुलहाने की शिकायत पर कार चालक मोहम्मद जाबिर अब्दुल रशीद (36) को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं कार मालिक मोहम्मद मुतालिक सौदागर (35) पुलिस कार्रवाई के बाद से फरार है. दोनों आरोपी ब्राह्मणवाड़ा थड़ी के सौदागरपुरा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं. पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा फरार आरोपी की तलाश जारी है. मामले की आगे की जांच की जा रही है.





