नए पाठ्यक्रम के लिए 21 दिवसीय ‘सेतु अध्ययन’
स्कूल खुलते ही होगा लागू

पुणे /दि.13- राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत नए पाठ्यक्रम को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है. इसी कड़ी में शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से कक्षा तीसरी, चौथी और छठी के विद्यार्थियों के लिए स्कूल खुलते ही 21 दिवसीय ‘सेतु अध्ययन’ (ब्रिज कोर्स) शुरू किया जाएगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नए पाठ्यक्रम और उसमें किए गए बदलावों से सहज रूप से जोड़ना है.
राज्य शैक्षिक संशोधन एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने सभी माध्यमों और सभी प्रबंधन के स्कूलों को यह कार्यक्रम लागू करने के निर्देश दिए हैं. सेतु अध्ययन पूरा होने के बाद नियमित शिक्षण कार्य शुरू किया जाएगा. एससीईआरटी द्वारा तैयार की गई सेतु अध्ययन पुस्तिकाएं सरकारी तथा अनुदानित स्कूलों को उपलब्ध कराई जा रही हैं. साथ ही पाठ्यक्रम की पीडीएफ प्रतियां भी परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई हैं.
एससीईआरटी के अनुसार, सेतु अध्ययन को इस तरह तैयार किया गया है कि विद्यार्थियों के पूर्व ज्ञान, अवधारणाओं और सीखने के परिणामों को नए पाठ्यक्रम से जोड़ा जा सके. गतिविधि-आधारित और विद्यार्थी-केंद्रित पद्धति के कारण यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को नए विषयों और शिक्षण पद्धतियों को समझने में मदद करेगा. शिक्षा विभाग का मानना है कि यह पहल विद्यार्थियों के लिए नए पाठ्यक्रम में सहज संक्रमण सुनिश्चित करेगी और उनकी सीखने की क्षमता को मजबूत बनाएगी.
* सेतु अध्ययन की प्रमुख विशेषताएं
– अवधि: 21 दिन
– कक्षाएं: तीसरी, चौथी और छठी
– उद्देश्य: विद्यार्थियों को नए पाठ्यक्रम से जोड़ना
– फोकस: ज्ञान, समझ और कौशल विकास
– शिक्षण पद्धति: गतिविधि आधारित और विद्यार्थी केंद्रित
– समापन के बाद: नियमित पाठ्यक्रम का अध्यापन शुरू होगा





