कल होगा मतदान, मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य
मुख्याधिकारी और सहायक आयुक्त करेंगे मतदाताओं की पहचान की पुष्टि

अमरावती/दि.17 – अमरावती विधान परिषद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान 18 जून को आयोजित किया जाएगा. मतदान प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन प्रशासन ने सभी 451 मतदाताओं को मतदान केंद्र पर फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही मनपा और नगर निकाय स्तर पर मुख्याधिकारी (सीओ) तथा सहायक आयुक्त मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की पहचान का सत्यापन करेंगे.
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं. मतदान से एक दिन पहले चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है तथा सभी मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई गई है. निर्वाचन विभाग के अनुसार 18 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक उपविभागीय अधिकारी स्तर के सात मतदान केंद्रों पर मतदान होगा. मतदान समाप्ति के बाद बैलेट बॉक्स को सुरक्षा व्यवस्था के तहत नियोजन भवन के स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा. मतगणना 22 जून को अमरावती कैंप स्थित नियोजन भवन में संपन्न होगी. मतदान कार्य के लिए सात टीमों का गठन किया गया है. प्रत्येक टीम में एक पुलिस अधिकारी सहित छह अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहेंगे. मतदान सामग्री लेकर ये टीमें संबंधित केंद्रों के लिए रवाना होंगी. नायब तहसीलदार (चुनाव) प्रवीण देशमुख ने इसकी जानकारी दी.
* 50 अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
मतदान प्रक्रिया को लेकर मास्टर ट्रेनर ज्ञानेश घ्यार ने पहले ही 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया है. वहीं मंगलवार को मतगणना प्रक्रिया के लिए नायब तहसीलदारों, तहसीलदारों और उपविभागीय अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर एवं तहसीलदार अक्षय मांडवे तथा उपजिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया.
* दो मतदाताओं के निधन से संख्या घटी
इस निर्वाचन के लिए प्रारंभ में कुल 453 मतदाता निर्धारित किए गए थे, लेकिन दर्यापुर नगर परिषद और धारणी नगर पंचायत के एक-एक मतदाता के निधन के कारण अब मतदाताओं की संख्या घटकर 451 रह गई है. निर्वाचन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मृत मतदाताओं के नाम मतदान सूची से हटाए जा चुके हैं.
* मतगणना के लिए विशेष व्यवस्था
22 जून को होने वाली मतगणना के लिए दो टेबल स्थापित की जाएंगी. प्रत्येक टेबल पर नायब तहसीलदार, तहसीलदार और उपजिलाधिकारी स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे. वहीं अमान्य मतपत्रों की जांच के लिए उपजिलाधिकारी तथा अतिरिक्त जिलाधिकारी स्तर के अधिकारी विशेष रूप से नियुक्त किए गए हैं. चुनाव प्रशासन ने मतदान और मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.




