बडनेरा फ्लाईओवर निर्माण में देरी पर हाईकोर्ट सख्त
सरकार ने जवाब के लिए मांगा समय

नागपुर/दि.18 – अमरावती जिले के बडनेरा स्थित पुराने बाईपास मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर बन रहे फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी को लेकर मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका दर्ज की है. बुधवार को हुई सुनवाई में राज्य सरकार ने अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए जुलाई तक का समय मांगा.
मामले की सुनवाई अनिल किलोर और राज वाकोडे की खंडपीठ के समक्ष हुई. यह जनहित याचिका एक समाचार रिपोर्ट के आधार पर दर्ज की गई है, जिसमें फ्लाईओवर निर्माण की धीमी गति और उससे नागरिकों को हो रही परेशानियों को उजागर किया गया था. जानकारी के अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बनने वाला यह 650 मीटर लंबा फ्लाईओवर छह वर्ष बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है. इसके कारण बडनेरा और अमरावती क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रहा है तथा नागरिकों को रोजाना ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है. फ्लाईओवर परियोजना को वर्ष 2020 में मंजूरी मिली थी और निर्माण कार्य 2021 में शुरू हुआ था. इस परियोजना के लिए लगभग 36 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी. हालांकि, निधि वितरण और अन्य प्रशासनिक कारणों से काम की गति लगातार धीमी बनी रही. इस परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी महारेल के पास है. स्थानीय नागरिकों ने फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या का समाधान हो सके. हाई कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार से विस्तृत जवाब मांगा है. अब इस मामले की अगली सुनवाई जुलाई में होने की संभावना है.





