अमरावती मॉडल रेलवे स्टेशन पर तेज़ी से चल रहे विकास कार्य
तीनों प्लेटफॉर्म पर बन रहे भव्य यात्री शेड

अमरावती/दि.20 – अमरावती मॉडल रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार का कार्य तेज़ी से जारी है. स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2 और 3 पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशाल टीन शेड का निर्माण किया जा रहा है, जिससे गर्मी, बारिश और अन्य मौसमों में यात्रियों को राहत मिलेगी.
जानकारी के अनुसार, राजकमल चौक स्थित पुराने रेलवे ब्रिज के जर्जर होने के कारण उसके पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके लिए मॉडल रेलवे स्टेशन के ऊपरी हिस्से को पूरी तरह हटाया जा चुका है. निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए रेलवे ब्रिज का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा. इसी के साथ रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों को भी गति दी गई है. अब तक प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पर्याप्त शेड नहीं होने के कारण यात्रियों को गर्मी और मानसून के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. इस समस्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर विशाल यात्री शेड निर्माण का कार्य शुरू किया है.
अमरावती से रवाना होने वाली अधिकांश ट्रेनें प्लेटफॉर्म नंबर 1 से संचालित होती हैं. इसी वजह से प्लेटफॉर्म के बड़े हिस्से में, राजापेठ दिशा के सिग्नल तक, विस्तृत शेड तैयार किया जा रहा है ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके. वहीं प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर भी बड़े पैमाने पर यात्री शेड निर्माण कार्य जारी है. इसके लिए भारी लोहे के गर्डर लगाए जा रहे हैं और उन पर टीन की छत तैयार की जा रही है. निर्माण कार्य में बड़ी क्रेनों और आधुनिक मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे काम युद्धस्तर पर पूरा किया जा सके.
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि तीनों प्लेटफॉर्म पर शेड निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों को मौसम की मार से राहत मिलेगी. साथ ही आधुनिक रोशनी व्यवस्था और नई संरचनाओं के कारण अमरावती मॉडल रेलवे स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और स्टेशन अधिक आकर्षक एवं सुविधाजनक दिखाई देगा. स्थानीय नागरिकों और रेल यात्रियों ने रेलवे प्रशासन द्वारा किए जा रहे इस विकास कार्य का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और अमरावती रेलवे स्टेशन क्षेत्र के प्रमुख आधुनिक स्टेशनों में शामिल होगा.





