पुनीत बालन भारतीय एमेच्योर कबड्डी महासंघ के अध्यक्ष पद पर
निर्विरोध हुआ चुनाव, नई कार्यकारिणी में 22 पदाधिकारी

पुणे/दि.22 – भारतीय एमेच्योर कबड्डी महासंघ के अध्यक्ष पद पर युवा उद्योगपति पुनीत बालन का निर्विरोध चयन हुआ है. वर्ष 2026 से 2030 की अवधि के लिए गठित इस नई कार्यकारिणी में देशभर के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को अवसर दिया गया है और कुल 22 पदाधिकारियों की घोषणा की गई है. यह चुनाव रांची में संपन्न हुआ.
इस चुनाव के लिए महासंघ के 22 राज्यों के प्रतिनिधि उपस्थित थे. महाराष्ट्र के खेल प्रशासक और उद्योगपति पुनीत बालन का अध्यक्ष पद पर चयन हुआ. साथ ही, विदर्भ के पूर्व सांसद रामदास तडस को अध्यक्ष के रूप में तथा बिहार के राजकुमार सिंह को मुख्य संरक्षक के रूप में चुना गया. महासचिव पद पर तेलंगाना के उषी रेड्डी का चयन हुआ है, जबकि अन्य महत्वपूर्ण पदों और कार्यकारिणी में देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों का निर्विरोध चयन किया गया. उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति रत्नाकर भेंगरा ने निर्वाचन अधिकारी के रूप में कार्य किया, जबकि दीवानी न्यायालय के सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश पंकज श्रीवास्तव की देखरेख में यह चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई. नवनिर्वाचित अध्यक्ष पुनीत बालन विभिन्न खेल गतिविधियों को लगातार समर्थन देने वाले व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं. उनके नेतृत्व में भारतीय कबड्डी को नई दिशा और गति मिलेगी, ऐसी अपेक्षा व्यक्त की जा रही है.
इस चयन के बाद पुनीत बालन ने देशभर की सभी राज्य संघों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा, कबड्डी भारत का पारंपरिक और जनमानस से जुड़ा हुआ खेल है. इस खेल को वैश्विक स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए, ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर उपलब्ध कराने के लिए, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित करने के लिए तथा महिला और युवा कबड्डी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं. बालन ने आगे कहा कि, सभी पदाधिकारियों और राज्य संघों को साथ लेकर भारतीय कबड्डी के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगे और देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक से अधिक सफलता दिलाने के लिए प्रयासरत रहेंगे.