रतन इंडिया पावर के खिलाफ कामबंद आंदोलन की चेतावनी
फ्लाई ऐश की दर तीन गुना बढ़ाने के विरोध में

* ट्रांसपोर्टर और ईंट भट्ठा संचालकों ने विधायक रवि राणा को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.24– रतन इंडिया पावर लिमिटेड द्वारा फ्लाई ऐश के दामों में अचानक तीन गुना वृद्धि किए जाने के विरोध में स्थानीय ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों और ईंट भट्ठा संचालकों ने मोर्चा खोल दिया है. फ्लाई ऐश का दर 50 रुपये प्रति टन से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति टन किए जाने से नाराज व्यवसायियों ने कामबंद आंदोलन की चेतावनी देते हुए विधायक रवि राणा को ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में बताया गया कि फ्लाई ऐश ईंट निर्माण उद्योग का प्रमुख कच्चा माल है. दरों में अचानक हुई भारी वृद्धि से उत्पादन लागत में काफी बढ़ोतरी हो गई है, जिससे ईंट भट्ठा उद्योग और परिवहन व्यवसाय पर गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. व्यवसायियों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के की गई इस दरवृद्धि से अनेक इकाइयों के सामने अस्तित्व का संकट पैदा हो गया है.
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक रवि राणा से हस्तक्षेप कर फ्लाई ऐश के पुराने दर को बहाल कराने तथा स्थानीय उद्यमियों, ट्रांसपोर्टरों और ईंट भट्ठा संचालकों के हितों की रक्षा करने की मांग की. उनका कहना है कि यदि यह दरवृद्धि वापस नहीं ली गई तो हजारों श्रमिकों के रोजगार पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा. ज्ञापन स्वीकार करते हुए विधायक रवि राणा ने संबंधितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर रतन इंडिया पावर लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा.
विधायक रवि राणा ने कहा, स्थानीय उद्योगों, ट्रांसपोर्टरों और मजदूरों के हितों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है. फ्लाई ऐश की दरवृद्धि से उत्पन्न समस्या का सकारात्मक समाधान निकालने के लिए कंपनी प्रबंधन से चर्चा की जाएगी. किसी भी वर्ग के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा. विधायक राणा के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस मुद्दे का समाधान निकलेगा. हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
इस अवसर पर बलबीर चव्हाण, अक्षय देशमुख, अनुप मोरे, सत्यजीतसिंह राठौड़, नितिन वैष्णव, विक्रांत सूर्यवंशी, शुभम परलीकर, सोहेल पठान, सचिन तायडे, अमोल भोपले, जगदीश इंगोले, अभिषेक तायडे सहित बड़ी संख्या में फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्टर और ईंट भट्ठा संचालक उपस्थित थे.





