अमरावती में उपभोक्ताओं, किसानों और यात्रियों के हित में काउंसिल का अभियान तेज

अखिल भारतीय ग्राहक कल्याण परिषद आक्रमक

* अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.25– अमरावती में सक्रिय सामाजिक संगठना अखिल भारतीय ग्राहक कल्याण परिषद ने शहरवासियों के स्वास्थ्य, किसानों के हितों और एसटी यात्रियों के अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है. संगठन ने खाद्य सुरक्षा, नकली बीजों की बिक्री और बस स्टेशनों पर यात्रियों से की जा रही कथित अवैध वसूली के खिलाफ संबंधित विभागों को ज्ञापन सौंपे हैं.
काउंसिल ने होटलों, रेस्टोरेंटों और फूड स्टॉलों में खाद्य पदार्थों की पैकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक-कोटेड पेपर, कप तथा अखबारों के उपयोग पर रोक लगाने की मांग की है. संगठन का कहना है कि ऐसे पदार्थों से लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच सकता है. इसके अलावा बटर पेपर के अनिवार्य उपयोग, खाद्य नमूनों की जांच प्रक्रिया को सरल बनाने तथा एफएसएसएआई हेल्पलाइन 1800-11-2100 का व्यापक प्रचार करने की भी मांग की गई है. नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द करने की मांग भी उठाई गई.
आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए काउंसिल ने कृषि विभाग से नकली और निम्न गुणवत्ता वाले बीजों की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने का आग्रह किया है. संगठन ने फ्लाइंग स्क्वॉड के माध्यम से छापेमारी, बीजों की नियमित जांच, जमाखोरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा किसानों की शिकायतों के लिए तालुका स्तर पर विशेष शिकायत प्रकोष्ठ स्थापित करने की मांग की है.

* एसटी बस स्टेशनों पर मुफ्त शौचालय सुविधा लागू करने की मांग
काउंसिल ने महाराष्ट्र स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन को भेजे गए पत्र में कहा है कि 1 जून 2026 से यात्रियों के लिए शौचालय सुविधा मुफ्त किए जाने के बावजूद कुछ बस स्टेशनों पर कथित रूप से शुल्क वसूला जा रहा है. संगठन ने सभी बस स्टेशनों पर स्पष्ट सूचना-पट्ट लगाने, शिकायत अधिकारी का नंबर प्रदर्शित करने, अवैध वसूली करने वाले काउंटर हटाने तथा नियमित उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को जागरूक करने की मांग की है.

* अधिकारियों का सकारात्मक आश्वासन
काउंसिल के प्रतिनिधिमंडल को संबंधित अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि नागरिकों के स्वास्थ्य, किसानों के हितों और यात्रियों के अधिकारों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस अवसर पर राज्य अध्यक्ष गजानन मुदगल, राज्य सचिव प्रभाकर वानखेडे, राज्य प्रवक्ता रेणुका टवलारे, राज्य कार्याध्यक्ष नीलेश टवलारे, विदर्भ कार्याध्यक्ष संजय जाधव, जिलाध्यक्ष मयूर बासूंदे, मंदा राऊत, विदर्भ सचिव सरिता इंगोले, जिला कार्याध्यक्ष विजय अनासाने, जिला सचिव प्रवीण मसराम, सहसचिव महेश पंडित, महानगर अध्यक्ष रोहण ढोमणे, मनीषा मडावी, विदर्भ उपाध्यक्ष मंगेश बेलोकार, सचिव प्रेमा बेलोकार, जिला उपाध्यक्ष सविता आरोकर, जिला कार्याध्यक्ष सीमा नागरेचा, सहसचिन शबनम खान, कार्यकारी सदस्य ललिता बोडवडे, महानगर कार्याध्यक्ष मंगला अस्वार, चिखलदरा अध्यक्ष पवन सुर्जेकर सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे.

Back to top button