पानी के गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत, एक की बची जान
भद्रावती के पाचगांव की घटना, गांव में शोक की लहर

भद्रावती /दि.25- भद्रावती तहसील के पाचगांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी बाल-बाल बच गया. इस दिल दहला देनेवाली घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है. मृत बच्चों की पहचान कार्तिक संदीप सावसाकड़े (12) और सानिध्य विजय दधनकर (10) के रूप में हुई है. वहीं, उनके साथ मौजूद आदित्य बालू राऊत (12) की सूझबूझ से उसकी जान बच गई.
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे तीनों दोस्त घर से बाहर निकले और इरई बांध क्षेत्र के पास स्थित एक खेत के समीप पहुंचे. खेत में फसल पर छिड़काव के लिए बनाए गए पानी के गड्ढे में काफी मात्रा में पानी जमा था. तीनों बच्चे नहाने और तैरने के लिए पानी में उतर गए. इसी दौरान कार्तिक और सानिध्य गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. आदित्य ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका. इसके बाद वह घबराई हुई हालत में गांव पहुंचा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तलाश अभियान शुरू किया. काफी प्रयासों के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलने पर भद्रावती पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा किया. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस दर्दनाक हादसे के बाद पाचगांव गांव में मातम पसरा हुआ है और मृत बच्चों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.





