मराठा समाज के सशक्तिकरण के लिए सरकार का व्यापक मास्टर प्लान

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सारथी कार्यक्रम में गिनाईं उपलब्धियां

* बोले – डेढ़ लाख से अधिक उद्यमी तैयार, प्रतियोगी परीक्षाओं में बढ़ी भागीदारी
पुणे/दि.26- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मराठा समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि मराठा समाज के विकास के लिए सरकार बहुआयामी स्तर पर कार्य कर रही है. सारथी के कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि मराठा समाज के युवाओं को शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और कौशल विकास से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं. सीएम फडणवीस ने मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान निकाले गए शांतिपूर्ण और अनुशासित मोर्चों का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया में इतने व्यवस्थित और शांतिपूर्ण आंदोलन बहुत कम देखने को मिले हैं. उन्होंने कहा कि इन आंदोलनों के बाद सरकार ने समाज के विकास के लिए ठोस कदम उठाए.
* विद्यार्थियों के लिए विशेष योजनाएं
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं. भाऊसाहेब पंजाबराव देशमुख निर्वाह भत्ता योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को निवास, भोजन और अध्ययन सामग्री के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है. इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है.
* अण्णासाहेब पाटील महामंडल से तैयार हुए लाखों उद्यमी
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अण्णासाहेब पाटील आर्थिक विकास महामंडल का पुनर्गठन किया गया. इस महामंडल के माध्यम से युवाओं को बिना ब्याज के ऋण उपलब्ध कराए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि अब तक लगभग पौने दो लाख से अधिक उद्यमी तैयार किए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल बनाते हुए बैंकों के साथ समन्वय स्थापित किया. वर्तमान में सरकार करीब 1,500 करोड़ रुपये ब्याज अनुदान के रूप में वहन कर रही है तथा लगभग 7,500 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए जा चुके हैं.
* सारथी से बढ़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में मराठा समाज के युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2018 में सारथी संस्था की स्थापना की गई थी. आज सारथी के माध्यम से अनेक विद्यार्थी संघ लोक सेवा आयोग (युपीएससी), राज्य लोक सेवा आयोग (एमपीएससी), बैंकिंग, पीएचडी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सारथी केवल प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में कौशल विकास का प्रशिक्षण भी उपलब्ध करा रही है.
* एआई और आधुनिक तकनीक पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), कंप्यूटर तकनीक, डिजिटल कौशल और आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है. कृषि क्षेत्र में भी तकनीक आधारित प्रशिक्षण शुरू किया गया है. उन्होंने कहा कि किसानों के लिए विकसित किए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अब तक लगभग 50 लाख किसान जुड़ चुके हैं. इस माध्यम से किसानों को फसल प्रबंधन, कीट नियंत्रण, मौसम संबंधी जानकारी और आधुनिक कृषि तकनीकों का मार्गदर्शन मिल रहा है.
* ड्रोन पायलट और कौशल प्रशिक्षण पर फोकस
सीएम फडणवीस ने कहा कि कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक का उपयोग बढ़ाने के लिए गांव-गांव में ड्रोन पायलट तैयार किए जा रहे हैं. इससे फसल छिड़काव, कृषि सर्वेक्षण और आधुनिक खेती को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही महाराष्ट्र को देश का अग्रणी विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) केंद्र बनाने के लिए उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने का कार्य भी किया जा रहा है.
* विभागीय मुख्यालयों में बनेंगे छात्रावास
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि नागपुर, अमरावती, लातूर, कोल्हापुर सहित विभिन्न विभागीय मुख्यालयों में अण्णासाहेब पाटील आर्थिक विकास महामंडल और सारथी के माध्यम से छात्रावासों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता की सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है तथा इसी दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है.

Back to top button