चिखलदरा में एसपी निकेतन कदम ऑन द रोड

पर्यटन स्थलों व संवेदनशील ट्रैफिक पॉइंटों का किया निरीक्षण

* पर्यटकों की सुरक्षित आवाजाही के लिए बनाई विस्तृत योजना
चिखलदरा/दि.27- राज्य के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थल चिखलदरा में बारिश के मौसम में पर्यटकों की भीड बढने लगती है. पर्यटकों की भीड से संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है. जिसमें अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, तहसीलदार जीवन मोरानकर तथा चिखलदरा पुलिस थाना के एपीआई प्रवीणकुमार पाटिल ने सडक पर उतरकर प्रमुख मार्गों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील ट्रैफिक पॉइंटों का किया निरीक्षण.
निरीक्षण के दौरान भीमकुंड, पंचबोल सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और पर्यटकों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर विस्तृत योजना बनाई गई. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि, पर्यटन सीजन के दौरान हर महत्वपूर्ण पॉइंट पर पुलिस का बंदोबस्त रहेगा, जबकि वन विभाग के अधिकारियों को भी आवाश्यक व्यवस्थाओं के नियोजन को लेकर निर्देश दिए गए है. साल 2025 में सोशल मीडिया पर चिखलदरा की प्राकृतिक सुंदरता और सनराईज वॉक की तस्वीरें वायरल होने के बाद यहां पर्यटकों की रिकॉर्ड भीड उमडी थी. उस दौरान लगभग 10 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था और कई पर्यटकों को घंटों तर वाहनों में फंसे रहने के बाद बिना घुमे-फिरे ही वापस लौटना पडा था.
इस अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष पुलिस और प्रशासन ने पहले से व्यापक तैयारी शुरु कर दी है. प्रमुख पर्यटन स्थलों, पार्किंग क्षेत्रों और महत्वपूर्ण मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैयाना किया जाएगा, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. अमरावती जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आवश्यकता पडने पर प्रत्येक शनिवार और रविवार को वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था भी लागू की जाएगी. इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी.
पुलिस व राजस्व प्रशासन के संयुक्त निरीक्षण में गाविलगढ के उपवन संरक्षक अनंत डिगोरे, जिला यातायात शाखा के पी. ए. देशमुख, पीएसआई गरड तथा लोकनिर्माण विभाग के अधिकारी नीलेश चौधरी उपस्थित थे. प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि, वे यातायात नियमों का पालन करें, केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और पुलिस व प्रशासन को सहयोग करें, ताकि सभी पर्यटक सुरक्षित, सुगम और आनंददायक मानसून पर्यटन का अनुभव प्राप्त कर सके.
स्थानीय व्यवसायियों के चेहरे खिले : मानसून सीजन की तैयारी और प्रशासन की सक्रियता से चिखलदरा के होटल व्यवसायियों, जिप्सी चालकों, स्थानीय गाईडों और छोटे व्यवसायियों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है. उनका मानना है कि, इस बार बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और सुव्यवस्थित व्यवस्था के कारण अधिक पर्यटक चिखलदरा पहुचेंगे, जिससे स्थानीय पर्यटन उद्योग और रोजगार को भी नई गति मिलेगी.

Back to top button