तलाक का फैसला आते ही पति बना हैवान, पत्नी की चाकू मारकर हत्या
नागपुर के कामठी परिसर के शुक्रवार बाजार की वारदात सीसीटीवी में कैद

नागपुर/दि.27 – नागपुर जिले के पुरानी कामठी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पारिवारिक प्रताड़ना से तंग आकर अदालत से तलाक मिलने के कुछ ही समय बाद एक महिला की उसके पूर्व पति ने दिनदहाड़े चाकू से हमला कर हत्या कर दी. पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. मृतका की पहचान मंजू संदीप पचारे (24) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले उसकी शादी संदीप पचारे से हुई थी. परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ ही दिनों बाद पति शराब के नशे में मारपीट और प्रताड़ना करने लगा. लगातार हो रही हिंसा से परेशान होकर मंजू अपने मायके चली गई और बाद में वर्धा परिवार न्यायालय में तलाक की अर्जी दाखिल की.
* अदालत का फैसला आते ही किया हमला
लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने तलाक मंजूर कर लिया. आरोप है कि इस फैसले से नाराज संदीप ने पुरानी रंजिश रखते हुए पुरानी कामठी इलाके में मंजू पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोटों के कारण मंजू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
* सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं.





