पत्थर से कुचलकर की मां की हत्या

देवलापार /दि.29– स्थानीय थाना क्षेत्र के रैयतवाडी गांव में रविवार 28 जून की दोपहर एक दिल दहला देनेवाली घटना सामने आयी है. मानसिक रूप से अस्वस्थ एक युवक ने अपनी मां की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी. घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई. मृतका का नाम किशनीबाई जोदराम इनवाते (55) जबकि आरोपी उनका 35 वर्षीय पुत्र कैलाश जोदराम इनवाते हैं. घटना दोपहर करीब 3.30 से 4 बजे के बीच उस समय हुई. जब परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें मृतका के पति जोदराम इनवाते और दोनों बेटियां शामिल थी. खेत में काम करने गये थे. बताया जाता है कि पडोस में रहनेवाली एक आरोपी की चाची ने कैलाश को अपनी मां पर पत्थर से हमला करते देखा. उन्होंने तत्काल शोर मचाया. जिसके बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. सूचना मिलते ही गांव के पुलिस पाटिल ने देवलापार पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से अस्वथ बताया जा रहा है. पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है. इस हृदयविदारक घटना से रैयतवाडी गांव में शोक का माहौल है.

Back to top button