मेरे पंख काटने की ताकत किसी में नहीं
देवेंद्र फडणवीस का उद्धव ठाकरे पर पलटवार

मुंबई /दि.29 – महाराष्ट्र की राजनीति में ऑपरेशन देवेंद्र को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे के बयान पर तीखा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि कोई भी मेरे पंख काटने के लिए पैदा नहीं हुआ है. मेरे पीछे महाराष्ट्र के 14 करोड़ लोगों और भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व का आशीर्वाद है.
पालघर जिले में वाढवन पोर्ट और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा के बाद पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि उनके खिलाफ चल रही राजनीतिक चर्चाओं का कोई आधार नहीं है. उन्होंने शुक्रवार को मुंबई से नागपुर की यात्रा के दौरान उद्धव ठाकरे के साथ एक ही विमान में सफर करने को लेकर उठी अटकलों को भी खारिज किया. फडणवीस ने कहा कि नेताओं का एक ही विमान में सफर करना कोई असामान्य बात नहीं है और इसे लेकर बनाई जा रही राजनीतिक कहानियां केवल अटकलें हैं. मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन देवेंद्र की चर्चा पर भी तंज कसते हुए कहा, जब हमारे पंख ही नहीं हैं, तो कोई उन्हें काट भी नहीं सकता. उन्होंने राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं को पागलों का बाजार बताते हुए कहा कि ऐसी बातों पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है.