मुंबई के आयकर भवन में लगी आग

चर्चगेट स्थित कार्यालय के बेसमेंट से उठे धुएं ने मचाई अफरा-तफरी

* फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टला, किसी के हताहत होने की खबर नहीं
मुंबई /दि.17- देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दक्षिण मुंबई स्थित महार्षि कर्वे रोड पर आयकर भवन के बेसमेंट में अचानक आग लग गई. आग लगते ही भवन परिसर में धुआं फैलने लगा और कर्मचारियों व आगंतुकों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं.
जानकारी के अनुसार, मुंबई फायर ब्रिगेड को दोपहर करीब 2.01 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया. आग को प्रारंभिक स्तर पर ‘लेवल-1’ घोषित किया गया और करीब 2.10 बजे से आग बुझाने का अभियान तेज कर दिया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग आयकर भवन के बेसमेंट क्षेत्र में लगी, जहां से घना धुआं निकलने लगा. सुरक्षा के मद्देनजर भवन के भीतर मौजूद लोगों को सतर्क किया गया और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई. दमकल विभाग ने आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की. घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, बेस्ट, 108 एंबुलेंस सेवा और बीएमसी वार्ड स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया. आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
प्रशासन के अनुसार, फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट सहित विभिन्न संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है. आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है. दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद ही नुकसान और कारणों के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी.
* कांदिवली में भी लगी आग, 11 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
वहीं आज मुंबई के कांदिवली स्टेशन रोड स्थित एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में भी आग लगने की घटना सामने आई. तड़के करीब 4.14 बजे अभिराई होटल भवन में आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग के कारण पूरी इमारत धुएं से भर गई थी, जिससे वहां ठहरे लोगों की जान जोखिम में पड़ गई. हालांकि, दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दूसरी मंजिल पर स्थित लॉजिंग हाउस से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
अधिकारियों के अनुसार, आग मुख्य रूप से विद्युत तारों, बिजली उपकरणों, लकड़ी के फर्नीचर, तिरपाल, बांस तथा प्लास्टिक सजावटी सामग्री तक सीमित रही. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6.07 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.
* दमकल विभाग की सतर्कता से टले बड़े हादसे
एक ही दिन में मुंबई में आग की दो घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, दोनों मामलों में दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. प्रशासन ने दोनों घटनाओं की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और भवनों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है.

Back to top button