क्या वित्त विभाग फिर राष्ट्रवादी कांग्रेस को मिलेगा?

जय पवार का बड़ा बयान, बोले- जल्द ही वित्त विभाग हमारे पास आएगा

* मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा हो जाने का किया दावा
बारामती/दि.29- राष्ट्रवादी कांग्रेस के दिवंगत नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र के वित्त विभाग को लेकर चल रही अटकलों के बीच उनके पुत्र और युवा नेता जय पवार ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ इस विषय पर चर्चा हुई है और वित्त विभाग जल्द ही राष्ट्रवादी कांग्रेस को वापस मिल सकता है.
बारामती में आयोजित स्वर्गीय अजित पवार के सहयोगी रहे वर्तमान एवं पूर्व जिला परिषद तथा पंचायत समिति सदस्यों के कृतज्ञता स्नेह मिलन समारोह में जय पवार ने यह संकेत दिया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे.
* दादा के जाने के बाद मुख्यमंत्री ने संभाली जिम्मेदारी
जय पवार ने कहा कि अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद राज्य का बजट प्रस्तुत किया जाना था. ऐसे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वित्त विभाग अपने पास रखा और बजट भी स्वयं प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि लोगों के बीच यह धारणा बनाई जा रही है कि वित्त विभाग राष्ट्रवादी कांग्रेस के पास नहीं होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जबकि वास्तविकता इससे अलग है. उन्होंने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यह जिम्मेदारी संभाली थी.
* जल्द हमारे पास आएगा वित्त विभाग
जय पवार ने कहा, मुख्यमंत्री से इस विषय पर चर्चा हुई है. हमें विश्वास है कि वित्त विभाग जल्द ही हमारे पास आएगा. महाराष्ट्र की जनता को जितनी चिंता इस विषय की है, उससे कहीं अधिक चिंता हमें है, क्योंकि अजित पवार केवल एक नेता नहीं बल्कि हमारे पिता थे. उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में वित्त विभाग को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं. अब सभी की नजर इस बात पर है कि यदि विभाग राष्ट्रवादी कांग्रेस को वापस मिलता है तो उसकी जिम्मेदारी किस नेता को सौंपी जाएगी.
* सुनेत्रा पवार की जीत पर जताया आभार
समारोह में जय पवार ने सांसद सुनेत्रा पवार को मिले भारी जनसमर्थन के लिए भी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बारामती और राज्यभर के लोगों ने परिवार तथा पार्टी पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसे आगे भी कायम रखा जाएगा.
* बारामती में बनेगा अजित पवार का स्मारक
जय पवार ने यह भी जानकारी दी कि स्वर्गीय अजित पवार की स्मृति में बारामती में एक भव्य स्मारक का निर्माण किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह स्मारक केवल एक नेता की याद नहीं होगा, बल्कि उनके विकास कार्यों और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का प्रतीक बनेगा. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जय पवार के इस बयान के बाद महायुति सरकार में विभागों के संभावित फेरबदल और राष्ट्रवादी कांग्रेस की भूमिका को लेकर चर्चाओं को नया बल मिला है.

Back to top button