‘जिसका अन्न खाते हैं, उससे झूठ मत बोलिए’

कृषि समृद्धि योजना पर सुधीर मुनगंटीवार का सरकार पर हमला

मुंबई /दि.30- महाराष्ट्र विधानसभा में कृषि समृद्धि योजना को लेकर भाजपा विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने सरकार और कृषि विभाग पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के लिए बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन योजना के लिए बजट उपलब्ध नहीं कराया गया.
सोमवार को विधानसभा में अनुपूरक मांगों पर चर्चा के दौरान मुनगंटीवार ने कहा कि राज्य सरकार ने कृषि समृद्धि योजना के तहत हर वर्ष 5 हजार करोड़ रुपये और पांच वर्षों में कुल 25 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की थी. लेकिन पिछले वर्ष इस योजना के लिए एक भी रुपया जारी नहीं किया गया. उन्होंने कहा, जिसका अन्न खाते हैं, उससे झूठ मत बोलिए. सरकार के पास अन्य योजनाओं के लिए धन है, लेकिन किसानों की कृषि समृद्धि योजना के लिए पैसा नहीं है. मुनगंटीवार ने कहा कि कृषि विभाग से किसानों को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अनुपूरक बजट में विभाग के लिए केवल 11 करोड़ 59 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कृषि मंत्री अच्छा काम करना चाहते हैं, लेकिन बिना पेट्रोल के नई कार भी नहीं चल सकती. उनका कहना था कि पर्याप्त बजट के बिना किसानों के लिए घोषित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव नहीं है.

Back to top button