नशा मुक्त समाज के लिए सड़क पर उतरी नागपुरी गेट पुलिस

युवाओं और महिलाओं को किया जागरूक

अमरावती/दि.1 – अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ विरोधी दिवस के अवसर पर नागपुरी गेट पुलिस ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया. अभियान के तहत दरोगा प्लॉट और जमील कॉलोनी क्षेत्र में कॉर्नर मीटिंग आयोजित कर नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया.
बैठक में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों को एमडी (मेफेड्रोन) सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन, खरीद-बिक्री और नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य प्रभावित करता है. इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे. पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके आसपास मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, सेवन या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर समाज को नशे के जाल से बचाया जा सके.
कार्यक्रम में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही. उपस्थित नागरिकों ने नागपुरी गेट पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में सहयोग देने का भरोसा जताया. पुलिस निरीक्षक मनोहर कोटनाके के मार्गदर्शन में चलाया गया यह अभियान क्षेत्र में नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने और सुरक्षित, नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.

Back to top button