मकरधोकड़ा जलाशय में डूबे नागपुर के दो युवक
एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

नागपुर /दि.2- उमरेड तहसील के मकरधोकड़ा जलाशय में घूमने आए नागपुर के तीन दोस्तों में से दो युवक तैरने के दौरान गहरे पानी में डूब गए. हादसे में एक युवक का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश देर शाम तक जारी रही. तीसरा युवक किनारे पर होने के कारण सुरक्षित बच गया. यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे की है. मृतकों की पहचान नागपुर के दिघोरी निवासी प्रवीण मारोती नरवड़े (18) और प्रणय विनोद रणदिवे (18) के रूप में हुई है. उनके साथ उनका मित्र प्रणय शेखर रणदिवे (19) भी मौजूद था.
जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त मोटरसाइकिल से मकरधोकड़ा जलाशय घूमने पहुंचे थे. जलाशय के कैचमेंट क्षेत्र में पहुंचने के बाद प्रवीण और प्रणय पानी में तैरने उतर गए, जबकि प्रणय शेखर किनारे पर ही बैठा रहा. तैरते-तैरते दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. किनारे पर मौजूद उनके मित्र ने शोर मचाकर मदद मांगी. आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद तत्काल खोज अभियान शुरू किया गया. शाम तक स्थानीय लोगों की मदद से प्रवीण नरवड़े का शव पानी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि प्रणय रणदिवे की तलाश जारी रही.
* मना करने के बावजूद पानी में उतरे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रणय शेखर ने दोनों दोस्तों को पानी में उतरने से मना किया था. वहीं, आसपास मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने भी इस स्थान के खतरनाक होने की चेतावनी देते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने किसी की बात नहीं मानी और जलाशय में उतर गए.
* पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम बोबड़े ने बताया कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह जलाशय के एमआईडीसी पंप हाउस के पास का बेहद गहरा और खतरनाक हिस्सा है. यहां पहले भी कई युवक डूब चुके हैं. प्रशासन द्वारा चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, लेकिन लोग उन्हें नजरअंदाज कर पानी में उतर जाते हैं, जिससे इस तरह की दुखद घटनाएं होती रहती हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है, जबकि दूसरे युवक की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है.





