‘कोणार्क’ के सफाई कर्मियों ने अचानक शुरू किया कामबंद आंदोलन

व्दारकानगर परिसर में एक सफाई कर्मी के साथ हुई मारपीट पर जताया रोष

* घटना की जानकारी मिलते ही दर्जनों सफाई कर्मी संतप्त होकर पहुंचे गाडगेनगर पुलिस थाने
* सफाई कर्मियों ने अपने वाहनों सहित गाडगेनगर थाने का किया घेराव
* मारपीट करनेवाले लोगों की गिरफ्तारी तक कामबंद रखने का ऐलान
* कुछ सफाई कर्मी शिकायत दर्ज कराने मनपा मुख्यालय में भी धमके                                                                                  अमरावती/ दि.2- स्थानिय गाडगेनगर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत द्वारकानगर क्षेत्र में सफाई कार्य के दौरान एक सफाई कर्मी के साथ हुई कथित मारपीट की घटना ने गुरुवार को बड़ा रूप ले लिया. घटना से नाराज ‘कोणार्क’ कंपनी के दर्जनों सफाई कर्मियों ने अचानक कामबंद आंदोलन छेड़ दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर गाडगेनगर पुलिस थाने का घेराव किया. आंदोलन के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, द्वारकानगर परिसर में नियमित सफाई कार्य के दौरान एक सफाई कर्मी का कुछ स्थानीय लोगों के साथ विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और संबंधित सफाई कर्मी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया. घटना की खबर फैलते ही कोणार्क कंपनी के अन्य सफाई कर्मियों में तीव्र आक्रोश फैल गया. घटना की जानकारी मिलते ही शहर के विभिन्न हिस्सों में कार्यरत दर्जनों सफाई कर्मी अपना काम छोड़कर सीधे गाडगेनगर पुलिस थाने पहुंच गए. कई कर्मचारी अपने सफाई वाहनों के साथ थाने के बाहर एकत्र हुए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया. थाने के बाहर कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
आंदोलनकारी सफाई कर्मचारियों का कहना था कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले सफाई कर्मियों के साथ यदि इस प्रकार की घटनाएं होती रहेंगी तो उनका मनोबल टूटेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कर्मियों को अक्सर अपमानजनक व्यवहार और धमकियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन इस बार मामला सीधे मारपीट तक पहुंच गया है. सफाई कर्मियों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे. कर्मचारियों के इस रुख के कारण शहर में कचरा संकलन और सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है.
इसी दौरान कुछ कर्मचारी और प्रतिनिधि अपनी शिकायत लेकर अमरावती महानगरपालिका मुख्यालय भी पहुंचे. वहां उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी तथा सफाई कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की. कर्मचारियों ने कहा कि सफाई कार्य के दौरान उन्हें सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए और ऐसे मामलों में प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए.
गाडगेनगर पुलिस ने कर्मचारियों की शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद मनपा प्रशासन, पुलिस विभाग और कोणार्क कंपनी के अधिकारियों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखा गया. प्रशासन की ओर से आंदोलन समाप्त कराने और कर्मचारियों को न्याय दिलाने के प्रयास जारी हैं. वहीं सफाई कर्मियों ने दो टूक कहा है कि जब तक आरोपियों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

Back to top button