आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधि को झूठी शिकायत में फंसाने का प्रयास

पत्रकार परिषद में शिवसेना उबाठा के पार्षद संजय गव्हाले का आरोप

अमरावती /दि.4- शिवसेना उबाठा के नगरसेवक संजय गव्हाले ने पत्रकार परिषद में आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं को लगातार उठाने के कारण उन्हें झूठी शिकायत में फंसाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ राजापेठ पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत पूरी तरह से निराधार और दुर्भावनापूर्ण है.
संजय गव्हाले ने बताया कि पिछले कई महीनों से वे अपने वार्ड की सफाई, स्वास्थ्य, सीवेज और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार मनपा प्रशासन के संपर्क में रहे हैं. विशेष रूप से विदर्भ हाउसिंग सोसायटी में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, कोणार्क कंपनी के कार्यों में कथित अनियमितताओं तथा स्वास्थ्य अधिकारी अजय जाधव के कार्यप्रणाली को लेकर उन्होंने कई बार लिखित शिकायतें कीं और मनपा की सभा में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों और अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया. जब भी उन्होंने जनहित के मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, तो कई बार उनके फोन तक नहीं उठाए गए या केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया.
गव्हाले ने दावा किया कि जनहित के मुद्दों को लगातार उठाने से नाराज होकर कुछ लोगों ने उनके खिलाफ राजापेठ पुलिस थाने में झूठी शिकायत दर्ज कराई है. उनके अनुसार यह जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि मनपा के कुछ अधिकारियों की कार्यशैली से नागरिकों में यह धारणा बन रही है कि प्रशासन जनता की सेवा के बजाय अधिकारों के दुरुपयोग की दिशा में काम कर रहा है. जनप्रतिनिधियों के साथ सहयोग करने के बजाय उन्हें निशाना बनाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. संजय गव्हाले ने स्पष्ट किया कि वे कानून का पूरा सम्मान करते हैं और किसी भी निष्पक्ष जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सच्चाई जनता के सामने लाने तथा यदि किसी अधिकारी या व्यक्ति द्वारा अधिकारों का दुरुपयोग किया गया है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की.

Back to top button