इतवारा बाजार की बदहाल सड़कों से व्यापारी और आमजन परेशान

आवागमन हुआ मुश्किल, व्यापार पर हो रहा असर

अमरावती/दि.4 – शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र इतवारा बाजार की सड़कें लगातार बदहाल होती जा रही हैं. बारिश के कारण सड़कें कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो गई हैं, जिससे बाजार की स्थिति और भी खराब हो गई है. इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है और व्यापारी वर्ग के साथ-साथ आम नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार में आने-जाने के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग लगभग नहीं बचा है. जगह-जगह जलभराव, कीचड़ और टूटी सड़कें लोगों की आवाजाही में बड़ी बाधा बन रही हैं. ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है, जिससे दुकानों पर भीड़ कम हो रही है और कारोबार प्रभावित हो रहा है. रोजाना बाजार आने वाले नागरिकों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बारिश के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं. व्यापारियों ने संबंधित विभाग और नगर निगम से मांग की है कि इतवारा बाजार की सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि व्यापार और आमजन की आवाजाही सुचारु रूप से जारी रह सके.

Back to top button