अस्पताल से ही एक्शन में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ली बाढ़ समीक्षा बैठक

मुंबई /दि.6- महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात के बीच उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद पूरी तरह सक्रिय हैं. रविवार सुबह उन्होंने अस्पताल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुंबई और कोंकण क्षेत्र की बारिश एवं बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों व मंत्रियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए.
बैठक के दौरान शिंदे ने सभी जिलों की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि प्रभावित लोगों तक तुरंत राहत पहुंचाई जाए. उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों और सांसदों को भी मैदान में उतरकर लोगों की मदद करने तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए. रायगढ़ जिले में बिगड़ते हालात को देखते हुए मंत्री भरत गोगावले, योगेश कदम और उदय सामंत को महाड और अन्य जलभराव वाले इलाकों का दौरा करने, राहत कार्यों की निगरानी करने तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के आदेश दिए गए.
मुंबई के पालकमंत्री के रूप में शिंदे ने बृहन्मुंबई मनपा की आयुक्त अश्विनी भिडे के साथ भी बैठक की. उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में रहकर काम करने, स्थानीय जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का तत्काल समाधान करने, खतरनाक पेड़ों को हटाने, मैनहोल की निगरानी रखने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए. बताया गया है कि गले में संक्रमण और अत्यधिक थकान के कारण एकनाथ शिंदे पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं. हालांकि उनकी तबीयत में सुधार है. सामने आई तस्वीरों में उनके दोनों हाथों में सलाइन लगी दिखाई दे रही है, लेकिन इसके बावजूद वे अस्पताल से ही लगातार प्रशासनिक बैठकों के जरिए राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. वहीं, नागोठणे क्षेत्र में भूस्खलन की घटना के बाद मंत्री भरत गोगावले रायगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं. वे मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेकर अपनी रिपोर्ट उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सौंपेंगे.