कोल्हापुर में लगातार बारिश से कृष्णा, पंचगंगा और वारणा नदियों का जलस्तर बढ़ा
नृसिंहवाड़ी मंदिर तक पहुंचा पानी

कोल्हापुर /दि.6- जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कृष्णा, पंचगंगा और वारणा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. गगनबावड़ा क्षेत्र में भारी वर्षा के चलते नदियों में पानी का बहाव बढ़ गया है. नृसिंहवाड़ी स्थित दत्त मंदिर के सभामंडप तक नदी का पानी पहुंच गया है. एहतियात के तौर पर मंदिर प्रशासन ने नदी किनारे रखा सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है और श्रद्धालुओं को नदी के किनारे जाने पर रोक लगा दी गई है.
जिले के 299 बांधों में से 48 पानी में डूब चुके हैं. भारी बारिश के कारण 3 राज्य मार्ग, 5 प्रमुख जिला मार्ग, 8 ग्रामीण सड़कें और 2 अन्य जिला मार्ग सहित कुल 18 सड़कें यातायात के लिए प्रभावित हुई हैं. हालांकि, रेलवे सेवाएं और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य बना हुआ है. पंचगंगा नदी का जलस्तर राजाराम बंधारे पर 33 फीट 3 इंच, शिरोल बंधारे पर 40 फीट 3 इंच और नृसिंहवाड़ी में 36 फीट दर्ज किया गया है. तीनों स्थानों पर जलस्तर अभी चेतावनी स्तर से नीचे है, इसलिए फिलहाल बड़े बाढ़ के खतरे की स्थिति नहीं है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.
जिले के प्रमुख बांधों में राधानगरी और तुलशी बांध में 41-41 प्रतिशत, वारणा बांध में 28 प्रतिशत तथा दूधगंगा बांध में 13 प्रतिशत जल भंडारण है. वारणा और दूधगंगा बांधों से फिलहाल 100-100 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. वहीं, सांगली जिले के शिराला तहसील और चांदोली बांध के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण वारणा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. हरिपुर संगम पर वारणा नदी का प्रवाह कृष्णा नदी की तुलना में अधिक दिखाई दे रहा है और नदी का पानी धीरे-धीरे किनारों से बाहर फैलने लगा है. प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाने की अपील की है.





