ओवरहेड वायर पर प्लास्टिक फंसने से मध्य रेलवे की लोकल सेवा बाधित
मुंबई में तेज़ बारिश और आंधी का असर

मुंबई/दि.6 – मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़ और कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश के बीच मध्य रेलवे की लोकल सेवाएं प्रभावित हो गईं. विक्रोली और कांजुरमार्ग स्टेशनों के बीच ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर पर प्लास्टिक उड़कर फंस जाने से अप स्लो लाइन पर रेल यातायात कुछ समय के लिए ठप हो गया. इस तकनीकी बाधा के कारण नाहुर से कांजुरमार्ग के बीच चार लोकल ट्रेनें एक के पीछे एक ट्रैक पर खड़ी रहीं, जबकि विक्रोली और कांजुरमार्ग के बीच दो ट्रेनें बीच रास्ते में रोकनी पड़ीं. रेलवे प्रशासन ने युद्धस्तर पर प्लास्टिक हटाने का अभियान शुरू किया.
इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में खराब मौसम को लेकर चेतावनी दी थी. उन्होंने कहा था कि दोपहर के बाद कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जिससे पेड़ गिरने और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका है. उन्होंने लोगों से अपील की कि अत्यावश्यक काम न हो तो यात्रा से बचें और झरनों व पर्यटन स्थलों पर जाने से परहेज करें. मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सतर्क है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां पहले से की जा चुकी हैं. वहीं, बीएमसी ने सभी बिल्डरों, ठेकेदारों और इंजीनियरों के लिए विशेष सुरक्षा दिशानिर्देश जारी किए हैं. इनमें निर्माण स्थलों पर स्कैफोल्डिंग, क्रेन, टिन शेड, ढीली सामग्री और अन्य अस्थायी संरचनाओं की जांच कर उन्हें सुरक्षित करने, खराब मौसम के दौरान ऊंचाई पर होने वाले सभी कार्य रोकने तथा श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरण का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. बीएमसी ने कहा है कि मौसम सामान्य होने तक सभी निर्माण स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए.





