भारतीय टी-20 टीम में विदर्भ के यश ठाकुर का चयन
हर्ष दुबे को भी मिला मौका

नागपुर/दि.7- विदर्भ क्रिकेट के लिए सोमवार का दिन उस समय यादगार बन गया, जब बीसीसीआई ने जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा की. इस 15 सदस्यीय टीम में विदर्भ के दो खिलाड़ियों यश ठाकुर और हर्ष दुबे को जगह मिली है.
दोनों खिलाड़ी सोमवार शाम भारत ‘ए’ टीम का श्रीलंका दौरा खत्म कर लौटे. विमान यात्रा के दौरान ही उन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम में चुने जाने की जानकारी मिली. भारतीय टीम 23, 25 और 26 जुलाई को हरारे में तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश ने बातचीत में कहा, देश के लिए विश्व कप जीतना मेरा सपना है. 2011 में क्रिकेट खेलना शुरु करने के बाद से मैंने यही सपना संजोया है. भारतीय टी-20 टीम में मौका मिलना उसी सपने की शुरुआत है. यश ने कहा बचपन में उनकी मां काजल ठाकुर चाहती थीं कि वह गायक बनें, लेकिन उनका रुझान क्रिकेट की ओर था. 2011 विश्व कप फाइनल में धोनी द्वारा लगाए गए ऐतिहासिक छक्के ने उन्हें क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया. यश और हर्ष दोनों नागपुर क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ी हैं तथा माधव बाकरे के मार्गदर्शन में अभ्यास करते हैं.
* खबर सुनते ही मां की आंखें भर आईं
खामला निवासी यश ने कहा, जब मुझे यह खबर मिली तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. मैंने यह खुशखबरी अपनी मां को दी तो उनकी आंखें भर आईं. उन्हें पिता की याद आ गई. 27 दिसंबर 2023 को यश के पिता रवि सिंह ठाकुर का निधन हो गया था. अगले ही दिन उनका 25वां जन्मदिन था. पिता के अंतिम संस्कार के बाद उन्होंने उनके सपने को पूरा करने के संकल्प के साथ विदर्भ की रणजी टीम में वापसी की. यश ने कहा, आज अगर पिता होते तो उन्हें बहुत खुशी होती. उनका सपना था कि उनका बेटा देश के लिए खेले. मैं भारतीय टीम में अपने पहले चयन को उनके चरणों में समर्पित करता हूं. ‘डेथ ओवर्स’ के विशेषज्ञ गेंदबाज 28 दिसंबर 1998 को जन्मे यश ने 2016 में विदर्भ से लिस्ट ‘ए’ क्रिकेट में पदार्पण किया, डेथ ओवरों में सटीक यॉर्कर और स्लोअर गेंद उनकी पहचान है. विजय हजारे ट्रॉफी और ईरानी कप में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत ’ए’ में जगह मिली. फिलहाल वह आईपीएल में पंजाब के अहम गेंदबाज हैं.
* दूसरी बार भी हवाईअड्डे पर…
ऑलराउंडर हर्ष दुबे को भारतीय टी-20 टीम में शामिल किए जाने से विदर्भ क्रिकेट में खुशी का माहौल है. हर्ष इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत के लिए पदार्पण कर चुके हैं. यश ठाकुर के साथ वह उमेश यादव और जितेश शर्मा के बाद भारतीय टी-20 टीम में जगह बनाने वाले विदर्भ के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. जिम्बाब्वे दौरे के लिए चयन की जानकारी हर्ष को मुंबई हवाई अड्डे पर मिली. उन्होंने तुरंत अपने पिता सुरेंद्र दुबे को फोन कर खुशखबरी दी. पिता ने बताया कि पहली बार भारतीय टीम में चयन की सूचना भी उन्हें हवाई अड्डे पर ही मिली थी. माता-पिता ने हर्ष के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.





