एक को बचाने में तीन किशोरों की डूबने से मौत
सेल्फी लेने का शौक बना जानलेवा

जलगांव/अमलनेर/दि.8 – महाराष्ट्र के जलगांव जिले के अमलनेर में सेल्फी लेने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में तीन नाबालिग लड़कों की डूबने से मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई. मृतकों की पहचान मानव बंटी रतनानी (14), कार्तिक विक्की उदवानी (14) और दिनेश विजय पंजवानी (17) के रूप में हुई है. तीनों अमलनेर की सिंधी कॉलोनी के निवासी थे.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4.45 बजे तीनों एक खदान क्षेत्र में गए थे. वहां पानी के बीच बने एक ऊंचे टीले पर पहुंचकर वे सेल्फी ले रहे थे. इसी दौरान एक किशोर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरने लगा. उसे बचाने के लिए दूसरे ने उसका हाथ पकड़ा, लेकिन वह भी संतुलन खो बैठा. फिर तीसरे ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तीनों करीब 30 फीट गहरे पानी में डूब गए. घटना को एक ऑटो चालक ने देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. स्थानीय नागरिकों, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. काफी प्रयासों के बाद देवली निवासी दीपक मोरे ने पानी में छलांग लगाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अमलनेर ग्रामीण अस्पताल भेजा गया. दिनेश कक्षा 11वीं (कॉमर्स) का छात्र था, जबकि मानव और कार्तिक 9वीं कक्षा में पढ़ते थे. इस हृदयविदारक हादसे के बाद सिंधी कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है. बारिश के मौसम में खदानों, झीलों, नदी और गहरे जलाशयों के पास सेल्फी लेने या पानी में उतरने से बचें. थोड़ी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है.