सीएम फडणवीस को बदनाम करने की कोशिश हो रही है

मीसिंग लिंक मामले पर बोले मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले

* कहा- हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देना ठीक बात नहीं
मुंबई/दि.9- महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने राज्य की ताजा राजनीतिक घटनाओं और विकास परियोजनाओं को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हर घटना को राजनीतिक चश्मे से देखना उचित नहीं है. उन्होंने शरद पवार और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मुलाकात को लेकर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए कहा कि महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति संवाद और सौहार्द की रही है तथा ऐसे मुलाकातों में गलत अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए.
मीडिया से बातचीत में मंत्री बावनकुले ने शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राऊत की आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि वरिष्ठ नेता शरद पवार जैसे राष्ट्रीय स्तर के व्यक्तित्व यदि किसी मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से चर्चा करते हैं तो उसमें कुछ भी असामान्य नहीं है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद ही समाधान का माध्यम होता है और प्रत्येक मुलाकात को राजनीतिक समीकरणों से जोड़ना गलत है.
* राज ठाकरे की आलोचना पर जताई नाराजगी
मनसे प्रमुख राज ठाकरे द्वारा पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ प्रकल्प को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की की गई आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री बावनकुले ने कहा कि फडणवीस ने महाराष्ट्र के विकास के लिए दूरदर्शी योजना प्रस्तुत की है. ऐसे में उनकी आलोचना करने के बजाय उनके प्रयासों का स्वागत किया जाना चाहिए था. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग और कथित रूप से पेड वर्कर्स सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं. बावनकुळे ने कहा कि विकास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में किए गए कार्यों के कारण भविष्य में देवेंद्र फडणवीस का नाम महाराष्ट्र के प्रमुख विकास पुरुषों में लिया जाएगा.
* ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल अभियान’ की घोषणा
मंत्री बावनकुले ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन और स्वर्गीय अजितदादा पवार की जयंती के अवसर पर राज्यभर में ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल अभियान’ चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित कर राजस्व, कृषि, ग्राम विकास सहित विभिन्न विभागों की 55 से अधिक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी. उन्होंने कहा कि इस अभियान का लाभ लगभग 10 लाख परिवारों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है. शिविरों में ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को स्वामित्व कार्ड तथा पात्र महिलाओं को किसान प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे.
* सोलापुर के 118 वर्ष पुराने भूमि विवाद का समाधान
राजस्व मंत्री बावनकुले ने बताया कि सोलापुर में ब्रिटिशकाल से लंबित 813 संपत्तियों का मामला सुलझा लिया गया है. इसके तहत लगभग 9 हजार परिवारों को संपत्ति का मालिकाना हक मिलेगा. उन्होंने कहा कि नाममात्र शुल्क लेकर इन संपत्तियों को फ्रीहोल्ड किया जाएगा, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी.
* कर्जमाफी पर सरकार कर रही विचार
किसान कर्जमाफी को लेकर चल रही मांगों पर मंत्री बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित समिति इस विषय पर काम कर रही है. सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि किसानों को अधिक प्रभावी और व्यापक लाभ मिल सके.
* मिसिंग लिंक परियोजना पर सरकार का बचाव
पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक प्रकल्प की बढ़ती लागत को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए मंत्री बावनकुले ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का जटिल और तकनीकी दृष्टि से चुनौतीपूर्ण प्रकल्प है. ऐसे बड़े प्रकल्पों में लागत बढ़ना असामान्य नहीं है. उन्होंने कहा कि परियोजना का नियमित ऑडिट किया जा रहा है और भ्रष्टाचार के आरोप केवल राजनीतिक बयानबाजी का हिस्सा हैं. राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच मंत्री बावनकुले ने दावा किया कि महायुति सरकार विकास, प्रशासनिक सुधार और जनसेवा के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है तथा जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है.

Back to top button