महज 3 माह के भीतर मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा का तबादला
कल अमरावती पहुंचकर अपना पदभार संभालेंगे डॉ. गोंदावले

* निवर्तमान आयुक्त वर्षा लढ्ढा को पुणे भेजा गया
* महिला व बालविकास विभाग के आयुक्त पद पर स्थलांतरण
अमरावती/ दि. 9- अमरावती महानगरपालिका में महज 3 माह के भीतर एक बडा फेरबदल होता दिखाई दिया, जब राज्य सरकार द्बारा कल बुधवार 8 जुलाई को जारी किए गए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के तबादला आदेशों के तहत अमरावती महानगरपालिका की आयुक्त वर्षा लढ्ढा का तबादला पुणे में महिला एवं बाल विकास आयुक्त पद पर कर दिया गया है. उनकी जगह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. मंगेश गोंदावले को अमरावती मनपा का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है. जानकारी के मुताबिक डॉ. गोंदावले शुक्रवार, 10 जुलाई को पदभार ग्रहण कर सकते हैं. वहीं यदि किसी तकनीकी कारणवश विलंब हुआ तो वे सोमवार, 13 जुलाई को कार्यभार संभालेंगे.
गौरतलब है कि वर्षा लढ्ढा ने 5 अप्रैल 2026 को तत्कालीन आयुक्त सौम्या शर्मा के स्थान पर पदभार संभाला था, लेकिन मात्र तीन माह के कार्यकाल के बाद उनका तबादला कर दिया गया. उनके अल्प कार्यकाल में हुए इस तबादले को लेकर मनपा और शहर के राजनीतिक गलियारों में विभिन्न चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. यहां यह भी विशेष उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा और विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों के बीच कई मुद्दों पर मतभेद सामने आए थे. महापौर द्वारा भी उनकी कार्यशैली को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी व्यक्त किए जाने के बाद उनके तबादले की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था. अंततः राज्य सरकार ने उन्हें पुणे में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए स्थानांतरित कर दिया.
* अनुभवी प्रशासक हैं डॉ. गोंदावले
नवनियुक्त आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन और विकास योजनाओं के क्षेत्र में लंबे अनुभव वाले अधिकारी माने जाते हैं. वे इससे पहले गोंदिया जिले के जिलाधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र कृषि उद्योग विकास महामंडल के व्यवस्थापकीय संचालक तथा सिडको में उपाध्यक्ष एवं व्यवस्थापकीय संचालक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है. औद्योगिक अर्थशास्त्र (इंडस्ट्रियल इकॉनॉमिक्स) विषय में पीएचडी प्राप्त डॉ. गोंदावले को अर्थव्यवस्था, वित्तीय समावेशन और विकास प्रशासन का गहरा अनुभव है. गोंदिया में कार्यकाल के दौरान उन्होंने सिंचन परियोजनाओं को गति देने, रोजगार सृजन और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान दिया था.
* पहले शहर को समझेंगे, फिर तय होगा विकास का रोडमैप
अमरावती मनपा आयुक्त के तौर पर अपना पदभार ग्रहण करने से पहले दैनिक अमरावती मंडल के साथ हुई बातचीत में डॉ. मंगेश गोंदावले ने कहा कि किसी भी शहर की समस्याओं का समाधान करने से पहले उसकी वास्तविक स्थिति और जरूरतों को समझना आवश्यक होता है. इसलिए पदभार संभालने के बाद वे सबसे पहले शहर का प्रत्यक्ष दौरा करेंगे, विभिन्न विभागों की समीक्षा करेंगे और नागरिकों की समस्याओं को जानेंगे. उन्होंने कहा, शहर की नाड़ी समझे बिना प्रभावी विकास संभव नहीं है. सभी विभागों, चल रही परियोजनाओं और नागरिक सुविधाओं का विस्तृत आकलन करने के बाद प्राथमिकताएं तय की जाएंगी और विकास कार्यों को गति दी जाएगी.
इसके साथ ही नवनियुक्त आयुक्त डॉ. गोंदावले ने स्पष्ट किया कि महानगरपालिका केवल वित्त आयोग या सरकारी अनुदान पर निर्भर रहकर आगे नहीं बढ़ सकती. इसके लिए स्ववित्तीय संसाधनों को मजबूत करना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि कर संग्रहण को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, राजस्व बढ़ाने के नए स्रोत विकसित किए जाएंगे और वित्तीय अनुशासन पर विशेष जोर रहेगा. उनके अनुसार आर्थिक रूप से सशक्त महानगरपालिका ही नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध करा सकती है. नवनियुक्त आयुक्त डॉ. गोंदावले ने बताया कि पदभार संभालने के बाद वे विभागीय आयुक्त तथा वर्तमान आयुक्त वर्षा लढ्ढा से चर्चा कर शहर में चल रही विकास योजनाओं, लंबित परियोजनाओं, वित्तीय स्थिति और प्रशासनिक चुनौतियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करेंगे. इसके बाद ही आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में जारी विकास कार्यों में निरंतरता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी ताकि किसी भी परियोजना पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े.
नवनियुक्त आयुक्त डॉ. गोंदावले का मानना है कि किसी शहर का विकास केवल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि उसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है. उन्होंने पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित प्रशासन देने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि अमरावती को स्वच्छ, सक्षम और विकासोन्मुख शहर बनाने के लिए प्रशासन और नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा. अमरावती मनपा में नए आयुक्त की नियुक्ति के साथ अब शहर के विकास, वित्तीय सुधारों और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर नई उम्मीदें जागृत हो गई हैं. नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि डॉ. मंगेश गोंदावले अपने अनुभव का उपयोग कर शहर के विकास को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं.
* दैनिक अमरावती मंडल के कयास व खबर फिर साबित हुए सही
ध्यान दिला दे कि अभी तीन दिन पहले ही दैनिक अमरावती मंडल ने विधानमंडल के पावस सत्र दौरान अथवा पावस सत्र खत्म होते होते मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा का तबादला हो जाने की संभावना जताई थी. साथ ही इससे जुडी वजहों की भी समीक्षा व मिमांसा की थी, जिसमें साफ तौर पर इस बात का उल्लेख किया गया था कि आयुक्त वर्षा लढ्ढा का विगत तीन माह का कार्यकाल यद्यपि निर्विवाद व निष्कलंक रहा. परंतु उनके कामकाज के तरीके को लेकर मनपा के सत्ताधारी दलों सहित विपक्षी दलों के पदाधिकारियों व पार्षदों में अच्छी खासी नाराजगी है और सत्ताधारी दल के पदाधिकारियों व पार्षदां द्बारा इस संदर्भ में बकायदा नगरविकास मंंत्रालय सहित जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के पास अपनी शिकायतें भी दर्ज कराई गई है. जिसके चलते खुद पालकमंत्री बावनकुले द्बारा पावस सत्र के दौरान अथवा पावस सत्र के खत्म होते-होते आयुक्त वर्षा लढ्ढा का तबादला करने के संकेत दिए गये थे. ऐसे में गत रोज राज्य सरकार की ओर से जारी आईएस अधिकारियों की तबादला सूची में आयुक्त वर्षा लढ्ढा का नाम दिखाई देते ही दैनिक अमरावती मंडल द्बारा व्यक्त किया गया अंदेशा तथा प्रकाशित की गई खबर पूरी तरह से सही व सटिक साबित हुए है.





