शहर की जलापूर्ति फिर हुई ठप

नांदगाव पेठ के पास जलापूर्ति पाईपलाईन का एअर वॉल्व फूटा

* तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एअर वॉल्व को हुआ नुकसान
* अग्रवाल पेट्रोल पंप के पास की घटना, हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहा
अमरावती/दि.9 – अमरावती व बडनेरा शहर की जलापूर्ति पर एक बार फिर संकट के बादल मंडराते कहे जा सकते है. क्योंकि नांदगाव स्थित अग्रवाल पेट्रोल पंप के पास अप्पर वर्धा पाईप लाईन का एअर वॉल्व फूट जाने की वजह से शहर की जलापूर्ति ठप हो गई है. साथ ही स्थिती को पूर्ववत सुचारू होने में कितना समय लगेगा यह अभी तय नहीं है. बल्कि इसे लेकर आज शाम तक स्थिती स्पष्ट हो पाएगी.
बता दे कि मोर्शी के पास स्थित सिंभोरा बांध से अमरावती शहर को जलापूर्ति करने हेतु करीब 55 किमी की लंबाई वाली जलापूर्ति पाईप लाईन डाली गई है. गुरुत्वाकर्षण बल के आधार पर काम करनेवाली इस पाईप लाईन में जगह-जगह पर एअर वॉल्व भी बनाए गए है. ताकि पाईप लाईन के भीतर पानी व हवा के दबाव को नियंत्रित व संकुलित रखा जा सके. यह एअर वॉल्व दूर से देखने पर किसी छोटे खंबे की तरह दिखाई देते है. ऐसा ही एक एअर वॉल्व नांदगाव पेठ परिसर में अग्रवाल पेट्रोल पंप के पास से गुजरती जलापूर्ति पाईपलाईन पर लगा हुआ है. जिसे लेकर मिली जानकारी के अनुसार कल देर शाम रास्ते से गुजर रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक ही अनियंत्रित होकर उस एअर वॉल्व से जा टकराया. जिससे वह एअर वॉल्व टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर पानी का फव्वारा फूटने लगा. जिसके चलते हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह गया और सिंभोरा बांध से अमरावती के तपोवन परिसर स्थित जल शुध्दीकरण केंद्र तक होनेवाली पानी की आपूर्ति बाधित हो गई.
इस संदर्भ में महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के स्थानिय जल व्यवस्थापन विभाग के कार्यकारी अभियंता संजय लेवलकर से जानकारी हेतु संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि फिलहाल सिंभोरा बांध से पाईप लाईन के जरीए अमरावती हेतु छोडे जानेवाले पानी की आपूर्ति को रोक दिया गया. ताकि क्षतिग्रस्त हुए एअर वॉल्व से पानी के रिसॉव को रोका जा सके. परंतु जिस जगह पर एअर वॉल्व टूटकर क्षतिग्रस्त हुआ है, उस जगह पर हजारो लीटर पानी व्यर्थ बह जाने के चलते जलजमाव वाली स्थिती बनी हुई है. ऐसे में फिलहाल एअर वॉल्व व पाईपलाईन को हुए नुकसान का अनुमान नहीं लगाया जा सकता. जब मौके पर जमा पानी का स्तर थोडा कम होगा तब स्थिती व नुकसान का जायजा लेते हुए दुरूस्ती के काम शुरू किए जाएंगे तथा जितना जल्दी संभव होगा, उतने जल्दी अमरावती व बडनेरा शहर की जलापूर्ति को पूर्ववत सुचारू किया जाएगा. इसमें कम से कम एक दिन का समय लगना को अपेक्षित है.मे
… अन्यथा बडा हादसा घटित हो जाता
यहां यह विशेष उल्लेखनिय है कि, जिस एअर वॉल्व को तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर टक्कर मारी उससे थोडा ही आगे अग्रवाल पेट्रोल पंप स्थित है. ऐसे में कहा जा सकता है कि यदि उस स्थान पर एअर वॉल्व नहीं रहा होता तो उक्त ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे पेट्रोलपंप में जा घुसता. तब होनेवाले नुकसान की महज कल्पना ही की जा सकती है. ऐसे में कहा जा सकता है कि उक्त एअर वॉल्व के फुटने की वजह से भले ही एक-दो दिन के लिए शहर की जलापूर्ति ठप हुई है, लेकिन एक बडा हादसा भी घटित होने से बच गया.

Back to top button