उबाठा गुट के तीन विधायक पहुंचे सीएम फडणवीस से मिलने

राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर

मुंबई/दि.9- महाराष्ट्र की राजनीति में गुरुवार को उस समय नई चर्चाओं ने जन्म ले लिया, जब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के तीन वरिष्ठ विधायक सीधे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिलने विधान भवन पहुंचे. इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे, हालांकि ठाकरे गुट के नेताओं ने इसे मुंबई के विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों से जुड़ी बैठक बताया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठाकरे गुट के वरिष्ठ विधायक अनिल परब, सुनील प्रभु और अजय चौधरी ने मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात की. इस दौरान मुंबई महानगरपालिका की पूर्व विपक्ष नेता किशोरी पेडणेकर भी मौजूद थीं. बैठक विधान भवन में हुई, जहां मुंबई से जुड़े विभिन्न विकास परियोजनाओं और नागरिक सुविधाओं के मुद्दों पर चर्चा की गई.
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब हाल के दिनों में ठाकरे गुट को कई राजनीतिक झटके लगे हैं. कुछ समय पहले पार्टी के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में जाने की खबरों ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया था. इसके बाद कई नेताओं के रुख को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही थीं. ऐसे में ठाकरे गुट के वरिष्ठ नेताओं की मुख्यमंत्री से मुलाकात ने राजनीतिक महत्व और बढ़ा दिया है.
सूत्रों के अनुसार, बैठक में मुंबई में चल रहे और प्रस्तावित विकास प्रकल्पों, बारिश के कारण उत्पन्न समस्याओं तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. मुख्यमंत्री फडणवीस ने हाल ही में विधानमंडल में मुंबई के विभिन्न विकास कार्यों और आगामी परियोजनाओं की जानकारी दी थी. इसी संदर्भ में ठाकरे गुट के नेताओं ने उनसे मुलाकात कर कुछ महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें रखीं.
बैठक के दौरान नेताओं ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा. ज्ञापन में मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने, जलभराव, यातायात बाधित होने और नागरिकों को हो रही परेशानियों का उल्लेख करते हुए तत्काल प्रभावी उपाययोजनाएं करने की मांग की गई.
हालांकि इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक अटकलों का बाजार गर्म है, लेकिन फिलहाल इसे विकास कार्यों और मुंबई के नागरिक मुद्दों पर केंद्रित बैठक बताया जा रहा है. फिर भी, राज्य की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों और नेताओं की नजरें बनी हुई हैं.

Back to top button