एकनाथ शिंदे दुबारा नहीं बनेंगे मुख्यमंत्री, बावनकुले को मिलेगी कमान
सेना उबाठा सांसद संजय राऊत ने की राजनीतिक भविष्यवाणी

मुंबई/दि.11 – महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जल्द ही राज्य की बजाए केंद्र की राजनीति में जा सकते है और ऐसा होने पर महाराष्ट्र में भाजपा के पूरे सूत्र चंद्रशेखर बावनकुले के पास आ जाएंगे. जिसके चलते अब एकनाथ शिंदे कभी भी राज्य के मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे. इस आशय की राजनीतिक भविष्यवाणी शिवसेना उबाठा के सांसद व प्रवक्ता संजय राऊत द्वारा की गई.
आज मुंबई में आयोजित पत्रवार्ता में उपरोक्त दावा करने के साथ ही सांसद संजय राऊत ने कहा कि भाजपा द्वारा बडी तेजी के साथ देश से लोकतंत्र को खत्म करने का काम किया जा रहा है तथा भारत में अमेरिका की तरह राष्ट्राध्यक्ष प्रणाली को लागू करने का प्रयास किया जा रहा है. यहीं वजह है कि भाजपा द्वारा वन नेशन वन इलेक्शन को लागू करने तथा महिला आरक्षण के नाम पर डीलिमिटेशन बिल मंजूर करते हुए पूरे देश पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है. इसके साथ ही सांसद संजय राऊत ने कहा कि, वर्ष 2029 के बाद भाजपा की सत्ता नहीं आनेवाली है. ऐसे में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बहुत जल्द केंद्र की राजनीति में जाते दिखाई दे सकते है. जिनके केंद्र में जाने के बाद महाराष्ट्र में भाजपा के सभी सुत्र चंद्रशेखर बावनकुले के पास आ जाएंगे. इसके अलावा राज्य के नेतृत्व को लेकर बात रखते हुए सांसद संजय राऊत ने कहा कि, अब एकनाथ शिंदे दोबारा कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे. साथ ही गिरीश महाजन का रिकॉर्ड खराब रहने के चलते उनके पास भी नेतृत्व जाने की कोई संभावना नहीं है.





