अमरावती विधानसभा क्षेत्र में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान
मतदान केंद्रों पर पूरे दिन तैनात रहे बीएलओ

अमरावती/दि.13– महाराष्ट्र शासन के राजस्व एवं वन विभाग के अंतर्गत 038-अमरावती विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई है. इसी के तहत रविवार को विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया गया.
मतदाता पंजीकरण अधिकारी एवं उपविभागीय अधिकारी कार्यालय की ओर से बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से पहले ही मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे. विशेष अभियान के दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पूरे दिन उपस्थित रहे और मतदाताओं से भरे हुए गणना प्रपत्र प्राप्त किए. मतदाताओं ने बीएलओ से प्राप्त गणना प्रपत्रों को सही ढंग से भरकर संबंधित मतदान केंद्रों पर जमा किया. मतदाता पंजीकरण अधिकारी एवं उपविभागीय अधिकारी, अमरावती ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं की जानकारी अद्यतन करने का कार्य जारी है तथा मतदाताओं से समय पर आवश्यक प्रपत्र जमा करने की अपील की गई है.





