खुली पडी डीपी की वजह से शहर में बढा विद्युत हादसों का खतरा
नागरिकों को जागरूक करनेवाला महावितरण खुद कब जागेगा?

अमरावती/दि.13- बारिश के मौसम दौरान विद्युत हादसों को टालने हेतु महावितरण द्वारा नागरिकों को सतर्क रहने का बार-बार आवाहन किया जाता है. परंतु ऐसे हादसों को लेकर खुद महावितरण काफी हद तक लापरवाह ही दिखाई देता है. इस बात का उदाहरण शहर में जगह-जगह खुली पडी रहनेवाली महावितरण की डीपी को कहा जा सकता है. जिनकी वजह से बारिश के मौसम दौरान कभी भी कोई हादसा घटित हो सकता है. ऐसे में बेहद जरूरी है कि नागरिकों के नाम आवाहन करने के साथ-साथ महावितरण द्वारा खुद अपनी व्यवस्था में रहनेवाली त्रृटियों को भी दूर किया जाए.
बता दे कि, शहर में जगह-जगह पर महावितरण द्वारा विद्युत वितरण पेटियां यानी डीपी लगाई गई है. परंतु कई स्थानों पर ट्रान्सफार्मर के निचे लगी डीपी के ढक्कन टूटे या खुले पडे है. साथ ही ऐसी अधिकांश डीपी के आसपास झाड-झंखाड उगे हुए है. ऐसे में बारिश शुरू रहते समय इन डीपी की वजह से आसपास के परिसर में बिजली का करंट प्रवाहित होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है. इसके अलावा शहर के कई इलाकों में विद्युत के तार काफी निचे तक लटके हुए है और उन पर पेडों की टहनियां भी लगी हुई है. जिसकी वजह से शॉर्टसर्किट होने का खतरा भी व्यक्त किया जा सकता है. ऐसे में बेहद जरूरी है कि महावितरण द्वारा खुली पडी विद्युत डीपी तथा निचे की ओर लटकते विद्युत तारों की जल्द से जल्द दुरूस्ती की जाए, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते टाला जा सके.





