नागपुर में मामूली विवाद में दोस्त ने ली दोस्त की जान
फावड़े से हमला कर की हत्या

नागपुर /दि.14- नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र में रविवार को मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. सुबह से साथ काम कर रहे एक युवक ने गुस्से में अपने ही साथी पर फावड़े से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के छिंदवाडा जिले में आनेवाले उमरिया इसरा निवासी सुनील किशोरी सतनामी (40) के रूप में हुई है. वह अपनी पत्नी सीमा के साथ नागपुर के वांजरा क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था. यशोधरा नगर निवासी आरोपी गुड्डू उर्फ हिमांशु गुरुदेव सोनटक्के (29) नामक युवक मिनी ट्रक चालक है. दोनों एक ही वाहन पर ईंट ढुलाई का काम करते थे.
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब 5.30 बजे दोनों काम पर पहुंचे और कळमना स्थित पार्वतीनगर की एक ईंट भट्ठी पर दो चक्कर पूरे किए. तीसरी खेप लोड करते समय सुनील के हाथ से दो-तीन ईंटें गिरकर टूट गईं. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई. गुस्से में आए आरोपी ने पास में रखा फावड़ा उठाकर सुनील के सिर पर वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल सुनील को पहले मेयो अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां रात में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना का एक चिंताजनक पहलू यह भी सामने आया कि हमले के बाद सुनील काफी देर तक खून से लथपथ घटनास्थल पर पड़ा रहा, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की. सूचना मिलने पर उसकी पत्नी सीमा मौके पर पहुंची और पुलिस की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया. तब तक काफी रक्तस्राव हो चुका था. पुलिस का मानना है कि यदि घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी. कलमना थाना प्रभारी प्रवीण काले और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गुड्डू उर्फ हिमांशु सोनटक्के को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.





