आषाढ़ी एकादशी पर अमरावती से 254 स्पेशल बसें
श्रद्धालुओं के लिए एसटी महामंडल की विशेष तैयारी

अमरावती /दि.14- आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर पंढरपुर जाने वाले वारकरियों की सुविधा के लिए महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल ने विशेष व्यवस्था की है. अमरावती मंडल के आठ डिपो से 254 विशेष बसों का संचालन किया जाएगा. यदि किसी गांव से 40 या अधिक श्रद्धालु एक साथ यात्रा करना चाहते हैं, तो उनके गांव से सीधे पंढरपुर के लिए विशेष एसटी बस उपलब्ध कराई जाएगी.
एसटी प्रशासन के अनुसार 20 से 30 जुलाई तक चलने वाले वारी उत्सव के दौरान अमरावती, बडनेरा, परतवाड़ा, वरुड, चांदूर रेलवे, दर्यापुर, मोर्शी और चांदूर बाजार डिपो से विशेष बस सेवाएं संचालित होंगी. श्रद्धालु संबंधित डिपो या बस स्टेशन प्रमुख से संपर्क कर अग्रिम बुकिंग करा सकते हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए पंढरपुर जाने वाली प्रत्येक बस के चालक और परिचालक के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए जाएंगे. वहीं, पंढरपुर से वापसी यात्रा के लिए भी आरक्षण की सुविधा दी जाएगी. एसटी विभाग ने बताया कि महिला सम्मान योजना के तहत महिलाओं को यात्रा किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी. इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों और अन्य पात्र यात्रियों को शासन की प्रचलित रियायतों का लाभ भी दिया जाएगा. अमरावती मंडल के विभागीय नियंत्रक नरसिंह चव्हाण और विभागीय परिवहन अधिकारी संदीप रेलवार ने श्रद्धालुओं से सुरक्षित यात्रा के लिए केवल राज्य परिवहन निगम की बसों का ही उपयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि निजी वाहनों की बजाय एसटी बसों से यात्रा करना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक रहेगा. एसटी प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की मांग के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बसों की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी श्रद्धालु को पंढरपुर यात्रा में परेशानी न हो.