इंस्टाग्राम रील से पुलिस को चुनौती देना पड़ा भारी
नागपुर में तीन युवकों पर मामला दर्ज

* ‘पुलिस चौकी आपकी, शहर के कमिश्नर हम’ वाली रील वायरल होने पर कार्रवाई
नागपुर /दि.17- नागपुर में सोशल मीडिया पर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक इंस्टाग्राम रील वायरल करना तीन युवकों को महंगा पड़ गया. तहसील पुलिस ने रील बनाने और प्रसारित करने के आरोप में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपियों के नाम शाहिद अब्जल शकील खान (26), मोहम्मद साहिल मोहम्मद शकील शेख (24) और रिजवान मोहम्मद अजीज (28) है.
जानकारी के मुताबिक वायरल रील में कहा गया था, पुलिस चौकी के हिसाब से शहर बांट रहे हो सुल्तान, चौक चाहे पुलिस की हो, शहर के कमिश्नर तो हम ही लोग हैं. पुलिस का कहना है कि इस तरह की सामग्री से पुलिस विभाग की छवि धूमिल होती है और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. इस मामले में शाहिद अब्जल शकील खान (26), मोहम्मद साहिल मोहम्मद शकील शेख (24) और रिजवान मोहम्मद अजीज (28) के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है. आरोप है कि तीनों ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से उक्त रील पोस्ट कर उसे वायरल किया. तहसील पुलिस ने बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. इस संबंध में तहसील थाने के उपनिरीक्षक रोहन श्रीकांत राणे की शिकायत पर 16 जुलाई की रात एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस अब वायरल रील, संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.





