15 दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा उलटफेर होगा

विधायक रवि राणा का दावा

* बोले- सुप्रिया सुले केंद्र में मंत्री बनेंगी, सुनेत्रा पवार संभालेंगी राज्य
* एनसीपी और शिवसेना के एक होने का भी किया दावा
मुंबई /दि.17- महाराष्ट्र की राजनीति में अगले 15 दिनों के भीतर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिलेगा. यह दावा विधायक रवि राणा ने किया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों का विलय होगा और सुप्रिया सुले को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जाएगा, जबकि सुनेत्रा पवार राज्य की जिम्मेदारी संभालेंगी.
मीडिया से बातचीत में रवि राणा ने कहा कि राजनीति में जो असंभव लगता है, वह भी संभव हो जाता है. उनके अनुसार, आने वाले 15 दिनों में एनसीपी के दोनों गुट एक हो जाएंगे और इसके बाद नई राजनीतिक तस्वीर सामने आएगी. राणा ने शिवसेना को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे भी फिर से साथ आ सकते हैं. उन्होंने उद्धव ठाकरे से नागपुर के रेशीमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मारक पर श्रद्धांजलि देने और अमरावती के बजरंग गढ़ी में हनुमान चालीसा का पाठ करने का भी आग्रह किया. इस बीच, रवि राणा के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए एनसीपी नेता सुनील तटकरे ने कहा कि रवि राणा बड़े नेता हैं और उनके बयानों पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा. फिलहाल रवि राणा के ये बयान राजनीतिक अटकलों के रूप में सामने आए हैं. इन दावों की किसी भी संबंधित दल या नेता द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

 

Back to top button