25 को देवशयनी एकादशी पर राधाकृष्ण मंदिर में महाआरती व संकीर्तन
एकादशी महोत्सव को तीन वर्ष पूर्ण होने पर आयोजन

अमरावती/दि.18- आषाढ माह की देवशयनी एकादशी के पावन पर्व पर राधाकृष्ण सेवा समिति की ओर से शहर के राधाकृष्ण मंदिर में शनिवार 25 जुलाई को भव्य आध्यात्मिक आयोजन किया जाएगा. समिति द्वारा आयोजित एकादशी उत्सव के 25 जुलाई को तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष एकादशी महात्म्य, महाआरती एवं संकीर्तन का आयोजन किया गया है. समिति के अनुसार प्रात: 8 बजे से आरंभ होनेवाले इस आयोजन में साक्षात पंढरपुर माने जाने वाले राधाकृष्ण मंदिर में श्रद्धालु महाआरती में सहभागी होंगे.
संत परंपरा की इस श्रृंखला में सुश्री रामप्रियाजी (माई) अपनी मधुर वाणी में संकीर्तन प्रस्तुत करेगी तथा देवशयनी एकादशी के आध्यात्मिक महत्व का विस्तार से वर्णन करेंगी. समिति ने बताया कि, आस्था, सहयोग और सेवा-भाव के बल पर यह एकादशी उत्सव पिछले तीन वर्षों में शुन्य से शिखर तक अग्रसर हुआ है. आयोजन का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म के प्रति जागरुकता बढाना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा समाज को आध्यात्मिक सूत्र में जोडना है. राधाकृष्ण सेवा समिति में शहर एवं आसपास के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित इस आध्यात्मिक आयोजन में उपस्थित होकर धर्म, भक्ति और सेवा के इस परंपरा को आगे बढाने का आग्रह किया है.





