किराए के बैंक अकाउंट से करोड़ों का साइबर खेल!

अमरावती में मनी म्यूल रैकेट का भंडाफोड़, तीन पर मामला दर्ज

अमरावती/दि.20- अमरावती शहर में किराए के बैंक अकाउंट के जरिए करोड़ों रुपये के साइबर फ्रॉड का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शहर के साइबर पुलिस थाने में 18 जुलाई को तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है. आरोप है कि आरोपी गरीब, बेरोजगार और जरूरतमंद लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे और उन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से हासिल रकम के लेनदेन के लिए करते थे.
जानकारी के मुताबिक शिरखेड़ और शिराजगांव कस्बा पुलिस थाना क्षेत्र में भी इसी तरह के मामले दर्ज हो चुके हैं. इन मामलों के मुख्य आरोपी विजय महेशलाल जमनानी को अमरावती ग्रामीण साइबर पुलिस ने 1 जुलाई को शिरखेड़ में दर्ज एक प्रकरण में गिरफ्तार किया था.
* 60 लाख का झांसा देकर लिया बैंक अकाउंट
रामपुरी कैंप निवासी 28 वर्षीय हर्षिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसे संपत्ति बेचने के नाम पर 60 लाख रुपये दिलाने का झूठा आश्वासन दिया. इसके बदले में उससे बैंक अकाउंट, एटीएम कार्ड, पासबुक और मोबाइल सिम अपने कब्जे में ले लिए. बाद में इन्हीं दस्तावेजों का उपयोग साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए किया गया. जब बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन सामने आए तो बैंक ने खाता होल्ड कर दिया, जिसके बाद पीड़िता को पूरे फर्जीवाड़े का पता चला. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये के साइबर फ्रॉड को अंजाम दिया गया.
* तीन आरोपियों पर केस दर्ज
हर्षिता की शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने विजय महेशलाल जमनानी, मयूर मोटवानी और निखिलेश जयरामदास रामरख्यानी (सभी निवासी रामपुरी कैंप, अमरावती) के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. मामले की जांच साइबर पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक अनिकेत कसार कर रहे हैं. जांच में अमरावती ग्रामीण साइबर पुलिस की भी मदद ली जाएगी.
* ‘गोवा कनेक्शन’ भी आया सामने
जांच में यह भी सामने आया है कि मनी म्यूल रैकेट के तार शिरखेड़, शिराजगांव कस्बा से होते हुए अमरावती शहर तक फैले हुए हैं. करीब एक महीने पहले अमरावती ग्रामीण साइबर पुलिस ने गोवा से 11 लोगों को गिरफ्तार कर विजय जमनानी और राकेश जमनानी के नेटवर्क का खुलासा किया था. इसके बाद दोनों भाइयों की गिरफ्तारी हुई थी. अब अमरावती शहर साइबर पुलिस में भी विजय जमनानी के खिलाफ नया मामला दर्ज होने से इस अंतरराज्यीय मनी म्यूल नेटवर्क की परतें खुलने लगी हैं.

Back to top button