ट्रक और ऑटो रिक्शा के बीच भिडंत में ससुर व बहू की मौत
चार अन्य गंभीर रुप से घायल, एक की हालत चिंताजनक

* 21 जुलाई की रात 7 बजे मोर्शी तहसील के हिवरखेड बस स्टैंड पर हुआ था हादसा
अमरावती/दि.22 – मोर्शी से 10 किमी दूरी पर स्थित हिवरखेड बस स्टैंड के सामने पैसेंजर ऑटो रिक्शा को तेज रफ्तार आइशर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक महिला का भी समावेश है. मृतकों के नाम शीतल रविंद्र ताथोडे (35) व आबाराव पुंडलिकराव ताथोडे (78, दोनों बेलोरा, तह. वरूड) बताये गए है. जो रिश्ते में ससुर व बहू थे. वहीं इस हादसे में अन्य 4 यात्री गंभीर रुप से घायल हो गये. चारों घायलों को मोर्शी के उपजिला अस्पताल से अमरावती जिला अस्पताल रेफर किया गया है. जिनमें से एक घायल की स्थिती अब भी चिंताजनक बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना मंगलवार की शाम 7.30 बजे के दौरान घटित हुई थी. जब वरुड-हिवरखेड मार्ग से मोर्शी की तरफ आ रहे आइशर क्रमांक एमएच-28/एबी-7020 के चालक ने अपनी गाडी लापरवाही से चलाते हुए विपरित दिशा से आ रहे मिनी ऑटो रिक्शा क्रमांक एमएच-27/बीडब्ल्यू-8959 को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में ऑटो रिक्शा में बैठे 6 यात्री गंभीर रुप से घायल हो गये. इसमें से शीतल ताथोडे की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं आबाराव ताथोडे ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोडा. अन्य घायलोें में श्लोक रवींद्र ताथोडे (13), तलनी निवासी प्रज्वल मदन तिडके (23), आकाश शेषराव भलावी (32) और इरफान पठान (30) का समावेश है. ऑटो रिक्शा को टक्कर मारने के साथ ही तेज रफ्तार आइशर ट्रक ने हिवरखेड के बस स्टैंड पर खडे मोटर साइकिल को भी उडा दिया. इस हादसे में दुपहिया वाहनन का भी नुकसान हो गया.
मोर्शी के थानेदार राहुल आठवले के मार्गदर्शन में एक पुलिस दल घटनास्थल पहुंचा. पुलिस ने ट्रक चालक को कब्जे में ले लिया है. आइशर ट्रक के चालक द्वारा हिवरखेड बस स्टैंड के सामने स्थित गतिरोधक रहने के बावजूद रफ्तार कम नहीं की गई. इसी कारण वहां सडक किनारे खडी 4 से 5 दुपहिया को भी नुकसान पहुंचा. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.