ग्रीन अमरावती अभियान का शुभारंभ, विधायक संजय खोडके ने किया वृक्षारोपण

25 हजार वृक्ष लगाने का संकल्प, बोले- जितनी अधिक हरियाली, उतनी अधिक शुद्ध ऑक्सीजन

* रहाटगाव आयटीआय परिसर से हुआ वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ
अमरावती/दि.23– पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ अमरावती शहर में ग्रीन अमरावती अभियान के अंतर्गत 25 हजार वृक्ष लगाने के महाअभियान का शुभारंभ किया गया. राष्ट्रवादी परिवार की ओर से लोकनेता स्वर्गीय अजितदादा पवार की जयंती के अवसर पर आयोजित जनसेवा सप्ताह के तहत यह उपक्रम शुरू किया गया. कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य संजय खोडके तथा यश सुलभा संजय खोडके ने वृक्षारोपण कर अभियान की शुरुआत की.
मोर्शी रोड स्थित संत गाडगेबाबा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था तथा नागपुर-अमरावती महामार्ग पर स्थित दादासाहेब खापर्डे उच्चस्तरीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, रहाटगांव परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे लगाए गए. इस अवसर पर स्वर्गीय अजितदादा पवार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजय खोडके ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक शोधों के अनुसार जितनी अधिक हरियाली होगी, उतनी अधिक शुद्ध ऑक्सीजन उपलब्ध होगी और इससे लोगों का स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अजितदादा पवार ने विकास और जनसेवा को हमेशा प्राथमिकता दी. उनकी जयंती पर पर्यावरण संरक्षण का यह संकल्प समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है. आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
इस समय रायुकां नेता व शोध प्रतिष्ठान के अध्यक्ष यश सुलभा संजय खोडके ने कहा कि केवल वृक्षारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को बड़ा होने तक संरक्षित रखना ही वास्तविक वृक्ष संवर्धन है. उन्होंने नागरिकों से एक व्यक्ति, एक वृक्ष का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका पालन-पोषण करे तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिल सकती है. उन्होंने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के सच्चे मित्र हैं और ग्लोबल वार्मिंग, प्रदूषण तथा जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण आवश्यक है.
कार्यक्रम के दौरान मनपा के स्वीकृत नगरसेवक भोजराज काले के जन्मदिन के अवसर पर उनका अभिनंदन किया गया. विधायक संजय खोडके ने उनका सत्कार कर शुभकामनाएं दीं. उपस्थित लोगों ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर व्यवसाय शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग की उपसंचालक सुधा ठोंबरे, संत गाडगेबाबा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के उप-प्राचार्य संजय बोरोडे, दादासाहेब खापर्डे उच्चस्तरीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के प्राचार्य सुधीर पाटबागे, कार्यकारी प्राचार्य कुमार शिसोदे, दोनों संस्थाओं के अधिकारी, प्रशिक्षक, राष्ट्रवादी परिवार के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे.
अभियान के तहत आगामी दिनों में अमरावती शहर के विभिन्न भागों में 25 हजार वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण की व्यापक योजना बनाई गई है. आयोजकों का कहना है कि इस पहल के माध्यम से अमरावती को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है.

Back to top button