प्रा. जोगेंद्र कवाडे ने किया ‘कॉकरोच’ आंदोलन का समर्थन

दिल्ली जाकर आंदोलन के संयोजक अभिजीत दिपके से की मुलाकात

अमरावती/दि.23- पीपल्स रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रो. जोगेंद्र कवाडे ने जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान आंदोलन के संयोजक एवं कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके से मुलाकात कर आंदोलन को अपना समर्थन दिया. इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन को संभालने में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल रही है.
प्रो. कवाडे ने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर के छात्रों द्वारा किए जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलन पर दिल्ली पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उन्होंने इसे सरकार की असफलता छिपाने का प्रयास बताया. उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने आंदोलनकारी छात्रों और अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक से समय रहते संवाद स्थापित कर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल की होती, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती. सरकार ने छात्रों की मांगों की अनदेखी कर आंदोलन को अनावश्यक रूप से लंबा खींचा, जिसके परिणामस्वरूप तनाव बढ़ा.
प्रो. कवाडे ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए. उन्होंने आंदोलनकारियों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया. साथ ही केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर तत्काल निर्णय लेने और सोनम वांगचुक के अनशन का समाधान निकालने की मांग की. इस अवसर पर प्रो. जोगेंद्र कवाडे ने आंदोलन स्थल पर करीब तीन घंटे तक मौजूद रहकर आंदोलनकारियों के साथ एकजुटता दिखाई. उन्होंने कहा कि पीपल्स रिपब्लिकन पार्टी और आंबेडकरी समाज छात्रों के न्यायपूर्ण आंदोलन के साथ खड़ा है.
इस मुलाकात के दौरान पीपल्स रिपब्लिकन पार्टी के दिल्ली इकाई के पदाधिकारी अण्णा वानखेडे, दयानंद आनंद, राजकिशोर आनंद, राम सहाय, जयप्रकाश आनंद, एडवोकेट क्रांतिसेन वानखेडे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे. प्रो. कवाडे ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो देशभर में असंतोष और बढ़ सकता है. उन्होंने सरकार से संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की.

Back to top button