श्री राधाकृष्ण मंदिर में गुरू पूर्णिमा महोत्सव 26 से

सुश्री मंगलाश्रीजी के मुखारविंद से होंगे प्रवचन

अमरावती/दि.23- आगामी गुरू पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री गुरू पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया है. यह आयोजन श्री गुरूकृपा सत्संग समिति, सभी माहेश्वरी महिला मंडल, सभी राजस्थानी महिला मंडल एवं श्री राधाकृष्ण मंदिर उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान से संपन्न होगा.
इस भक्तिमय महोत्सव में संत श्री 1008 श्री सीतारामदासजी बाबा की कृपामात्र शिष्या, सुश्री मंगलाश्रीजी के मुखारविंद से प्रवचन और संगीतमय सुंदरकांड का पाठ होगा. रविवार 26 जुलाई को दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक सुंदरकांड पर प्रवचन होगा. दूसरे दिन सोमवार को दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक सुंदरकांड पर प्रवचन मंगलवार की दोपहर 2 बजे से 7 बजे तक श्री संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया है. महोत्सव के अंतिम दिन 29 जुलाई बुधवार को संत श्री 1008 श्री सीतारामदासजी बाबा का महाअभिषेक, आरती और बूंदी प्रसाद का वितरण होगा. आयोजकों ने बताया कि, सत्संग में आनेवाले सभी भक्तों के लिए तीनों दिन अल्पोहार की व्यवस्था भी रहेगी. यह कार्यक्रम जवाहर गेट के भीतर स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में होगा. आयोजन समिति से सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार पधारकर इस भक्तिमय कार्यक्रम का लाभ लेने और अक्षय पुण्य के भागी बनने की विनती की है. मंगलाश्रीजी प्रति वर्ष संत श्री सीतारामदास बाबा की पुण्यतिथि नवान्ह पारायण का आयोजन करती आई है.

Back to top button