अब अमरावती-नरखेड मेमू ट्रेन नागपुर तक चलेगी

वरुड व मोर्शीवासियों ने माना सांसद अमर काले का आभार

अमरावती /दि.23– अमरावती से नरखेड रेल्वे मार्ग पर दो नई ट्रेन शुरु होगी. जबलपुर के लिए एक्सप्रेस तथा नागपुर के लिए मेमू ट्रेन का समावेश है. इन परिसर के नागरिकों की पिछले कई दिनों से मांग थी. जिसे मंजूर कर लिया गया है. 20 वर्ष पूर्व बडनेरा से नरखेड इस 135 किमी रेल्वे मार्ग की शुरुआत हुई थी. भुसावल रेल्वे विभाग की सीमा चांदूर बाजार तक व नागपुर रेल्वे विभाग की सीमा मोर्शी व नरखेड तक है.
रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तत्कालिन सांसद व संरक्षण मंत्री पी. वी. नरसिंगराव ने इस रेल्वे लाईन के काम का शुभारंभ किया था. उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने नरखेड से अमरावती रेल्वे मार्ग का शुभारंभ किया. सर्वप्रथम इस मार्ग पर नरखेड से भुसावल पैसेंजर ट्रेन चलाई गई और कुछ वर्षों के बाद रेल बजट में नरखेड से काचीकुडा सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुरु की गई थी. उसके बाद इस मार्ग पर सिकंदराबाद से जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन भी शुरु की गई. इस ट्रेन को मोर्शी में स्टॉपेज दिया गया.
यशवंतपुरम से इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन शुरु करने के बाद चांदूर बाजार और वरुड से रेलयात्रा करने वाले यात्रियों की विनंती का मान रखकर उसे यहां स्टॉपेज दिया गया था. इस मार्ग से मध्यप्रदेश जाने के लिए तथा नागपुर जाने के लिए कोई भी ट्रेन नहीं रहने की वजह से यात्रियों को असुविधा हो रही थी. अमरावती से नरखेड रेलमार्ग पर चलने वाली मेमू ट्रेन केवल नरखेड तक ही रहने की वजह से यहां के यात्रियों को नागपुर जाने के लिए किसी भी प्रकार का साधन नहीं था.
नरखेड से मोर्शी, काटोल यह परिसर संतरा बागानों का होने की वजह से बाहरगांव से आने वाले अनेक व्यापारी को भी यहां आने के लिए ट्रेन नहीं थी. बडनेरा से भी केवल नरखेड तक ही ट्रेन होने की वजह से दिक्कतें आ रही थी. जिसमें यात्रियों ने सांसद अमर काले से मांग की थी कि, वे इस ट्रेन को नागपुर तक चलाये. सांसद काले ने रेल्वे मंत्री अश्विनी वैष्णव से बडनेरा से नरखेड तक चलने वाली मेमू ट्रेन को नागपुर तक चलाने के लिए 24 अप्रैल को पत्र दिया था. सांसद काले की विनंती का मान रखकर रेल्वे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बडनेरा से नरखेड तक चलने वाली मेमू ट्रेन को नागपुर तक चलाये जाने की मंजूरी दी. जिसकी वजह से बडनेरा, अमरावती, वलगांव, चांदूर बाजार, मोर्शी, वरुड, नरखेड, रिद्धपुर, पुसला, मोवाड, काटोल कोहली और कलमेश्वर के यात्रियों को बडी राहत मिली है. सभी नागरिकों ने सांसद अमर काले व रेल्वे मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार माना.

Back to top button