मुंबई पुलिस पर छात्रों को धमकाने का आरोप

वायरल वीडियो से मचा बवाल

मुंबई/दि.23 दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुंबई पुलिस का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है. वीडियो में एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर आंदोलनकारी छात्रों को धमकाते हुए कहता सुनाई दे रहा है कि यदि वे दोबारा वहां दिखाई दिए तो उनकी जेब में 50 ग्राम पाउडर डालकर उन्हें जेल भिजवा देगा. वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस और मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि यदि यह वीडियो सही है तो यह केवल छात्रों को डराने का प्रयास नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है. पार्टी ने कहा कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना अपराध नहीं है और छात्रों के सवालों का जवाब पुलिस की धमकी नहीं हो सकता.
वायरल वीडियो में दो छात्र पुलिस वाहन में बैठे नजर आते हैं. सामने की सीट पर बैठा एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर कहता है, दोबारा यहां दिखे तो याद रखना, मेरे जैसा बुरा आदमी कोई नहीं. सीधे तुम्हारी जेब में 50 ग्राम पाउडर डाल दूंगा. पूरी जिंदगी जेल में कटेगी, जमानत भी नहीं मिलेगी. हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
* कांग्रेस ने की जांच की मांग
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ ने कहा कि इस मामले को लेकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मुलाकात की गई है. उन्होंने बताया कि डीजीपी ने मामले की जांच शुरू होने की जानकारी दी है. सपकाळ ने कहा कि यदि वीडियो सही पाया जाता है तो यह बेहद गंभीर मामला है.
* मुंबई पुलिस का क्या कहना है?
वायरल वीडियो पर मुंबई पुलिस के डीसीपी (ऑपरेशन) अकबर पठाण ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. वीडियो की सत्यता की पड़ताल की जा रही है. संबंधित पुलिसकर्मी को जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया गया है. यदि जांच में वह दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button