छात्रवृत्ति परीक्षा परिणाम में भातकुली पंस की जिले में शानदार उपलब्धि

916 विद्यार्थी पात्र, जिले में प्रथम स्थान व राज्य में दूसरे स्थान पर

भातकुली /दि.27– महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद पुणे द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 में अप्रैल 2026 के दौरान आयोजित कक्षा 4 एवं कक्षा 7 छात्रवृत्ति परीक्षा का परिणाम हालही में घोषित किया गया. इस परिणाम में पंचायत समिति भातकुली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपनी परंपरा को कायम रखते हुए संपूर्ण अमरावती जिले में प्रथम और राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया. कक्षा 4 एवं कक्षा 7 को मिलाकर पंचायत समिति भातकुली के 916 विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए पात्र घोषित किए गए है.
घोषित परिणाम के अनुसार कक्षा 4 में कुल 746 विद्यार्थियों में से 500 विद्यार्थी पात्र घोषित हुए. जिनका प्रतिशत 67.03 रहा. वहीं कक्षा 7 में कुल 545 विद्यार्थियों में से 416 विद्यार्थी पात्र ठहराए गए तथा उनकी सफलता का प्रतिशत 76.34 रहा. इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ पंचायत समिति भातकुली ने जिले प्रथम स्थान और राज्यस्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करते हुए छात्रवृत्ति की परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम की अपनी परंपरा को बरकरार रखा.
इस सफलता के पीछे पंचायत समिति भातकुली के पूर्व गुट शिक्षणाधिकारी रामेश्वर मालवे द्वारा छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए किया गया प्रभावी नियोजन, विद्यालय स्तर पर नियमित आयोजित अभ्यास परीक्षाएं, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों का सतत मार्गदर्शन, विद्यार्थियों का निरंतर अध्ययन तथा अभिभावकों का सहयोग प्रमुख कारण माना जा रहा है. छात्रवृत्ति परीक्षा अभियान को पूरे वर्ष सफलतापूर्वक संचालित करने में पंजाबराव पवार (शिक्षण विस्तार अधिकारी), जानराव सुलताने (केंद्र प्रमुख आष्टी), राजेंद्र नकाशे (केंद्र प्रमुख भातकुली), नीता सोमवंशी (केंद्र प्रमुख गणोरी), प्रशांत रघुवंशी (केंद्र प्रमुख खारतलेगांव), बालासाहेब धनस्कर (केंद्र प्रमुख पूर्णानगर), उमेश चुनकीकर (केंद्र प्रमुख खोलापुर), रवींद्र धरमठोक (केंद्र प्रमुख वाठोडा शुक्लेश्वर), शैलेंद्र एस. दहातोंडे (केंद्र प्रमुख आसरा), हर्षवर्धन इंगले (विषय साधन व्यक्ति एवं तहसील समन्वयक), चंद्रकांत कडबे, हेमंत कुंभलवार, श्रीकांत खरबडे, मीनाक्षी खरटमोल, सतीश वानखडे, सुजाता सोनवणे, रुपाली शिरोट, पूर्णिमा काकड सहित सभी केंद्रस्तरिय विशेष शिक्षकों अक्षय वैद्य, प्रज्ञा रामटेके, मंदा आंडे, रिता गुडधे, मेघा साबले, कांचन दुधे एवं वैशाली शिरभाते ने अथक प्रयास किए. उनके सामूहिक प्रयासों से पंचायत समिति भातकुली को यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है.
हालही में पंचायत समिति भातकुली में गुट शिक्षणाधिकारी के रुप में पदभार ग्रहण करनेवाले प्रेरक उजगरे ने छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षक गणों को हार्दिक बधाई दी. साथ ही उन्होंने पंचायत समिति भातकुली द्वारा जिले में प्रथम स्थान और राज्यस्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करने पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम बनाए रखने का विश्वास व्यक्त किया, ऐसी जानकारी प्रचार प्रमुख राजेश सावरकर ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है.

Back to top button