सफाई कर्मचारियों को 300 वर्गफुट का मुफ्त घर
सीएम फडणवीस की बड़ी घोषणा

नागपुर/दि.27- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर दौरे के दौरान सफाई कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उन्हें 300 वर्गफुट का घर मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा. यदि कोई कर्मचारी इससे बड़ा घर लेना चाहता है तो उसे अतिरिक्त राशि का भुगतान करना होगा. मुख्यमंत्री शनिवार को नागपुर महानगरपालिका सफाई कर्मचारी नियुक्ति पत्र वितरण समारोह और ’आपली बस’ व्हाट्सएप टिकटिंग सेवा के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे.
फडणवीस ने कहा कि जब वे नागपुर के महापौर थे, तब से सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को करीब से देखते आए हैं. उन्होंने बताया कि लाडपागे समिति की सिफारिशों के आधार पर लंबे समय से लंबित सफाई कर्मचारियों की नियुक्तियों को उनकी सरकार ने लागू किया. वर्ष 2015 में मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने इस समिति की सिफारिशों को पूरे महाराष्ट्र के सफाई कर्मचारियों पर लागू करने का निर्णय लिया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सफाई कर्मचारियों को कम वेतन मिलता था, जिसे नियमों के अनुसार दिलाने का काम उनकी सरकार ने किया. उन्होंने बताया कि नागपुर में 4,407 नियुक्तियां दी गईं. लाडपागे समिति की सिफारिशों के खिलाफ कुछ लोग अदालत भी गए थे, लेकिन सरकार ने कानूनी लड़ाई जीतकर कर्मचारियों को न्याय दिलाया.
फडणवीस ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद सफाई कर्मचारियों को मुफ्त आवास देने की योजना बंद कर दी गई थी, लेकिन दोबारा मुख्यमंत्री बनने के बाद इस योजना को फिर से शुरू किया गया. अब पात्र सफाई कर्मचारियों को 300 वर्गफुट का मुफ्त घर दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार केवल कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि उनके बच्चों के भविष्य के लिए भी काम करेगी. सफाई कर्मचारियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे. साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि सफाई कर्मचारी अपनी संस्थाएं बनाकर बड़ी इमारतों के रखरखाव (मेंटेनेंस) का कार्य भी कर सकते हैं.





