सोलापुर में दिल दहला देने वाली घटना
मां-बेटी ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान

सोलापुर/दि.27 – सोलापुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. शहर के सुशील नगर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी ने कथित तौर पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है. मृतकों की पहचान वर्षा आधटराव (33) और उनकी 14 वर्षीय बेटी स्वरा आधटराव के रूप में हुई है. यह हृदयविदारक घटना रविवार तड़के विजापुर रोड रेलवे क्षेत्र में हुई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. इस घटना से स्थानीय नागरिकों में गहरा दुख और चिंता का माहौल है. पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी या अफवाह फैलाने से बचने की अपील की है.





