नीट परीक्षा में कम अंक आने से छात्रा ने दी जान

अहमदनगर (महाराष्ट्र)/दि.27- अहमदनगर जिले के कर्जत तहसील के जलालपुर गांव में 18 वर्षीय छात्रा अंकिता सांगले ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों के अनुसार, नीट परीक्षा में अपेक्षा से कम अंक आने के कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अंकिता का सपना डॉक्टर बनने का था और वह लंबे समय से नीट की तैयारी कर रही थी. हाल ही में घोषित परीक्षा परिणाम में उसे 166 अंक मिले थे, जबकि उसे इससे कहीं अधिक अंक मिलने की उम्मीद थी. कम अंक आने के बाद वह काफी निराश रहने लगी थी. परिजनों ने बताया कि पढ़ाई में किसी तरह की बाधा न आए, इसलिए घर में उसके लिए अलग से पढ़ाई का कमरा बनाया गया था. रविवार शाम वह पढ़ाई करने के लिए अपने कमरे में गई थी. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिवार ने दरवाजा खोला तो वह फंदे से लटकी मिली. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.
* नीलेश लंके ने सरकार को ठहराया जिम्मेदार
घटना के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के सांसद नीलेश लंके पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि यदि नीट परीक्षा से जुड़े विवाद और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच समय पर पूरी होती, तो संभव है कि ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था. उन्होंने इस मामले में सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए.

Back to top button